एससी-एसटी युवक-युवतियों के लिए मुफ्त प्रशिक्षण का बड़ा मौका, सिलाई और ब्यूटी पार्लर की चार माह की ट्रेनिंग के लिए आवेदन शुरू
गौतमबुद्धनगर: जिले में अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के युवक-युवतियों को स्वरोजगार के लिए तकनीकी रूप से दक्ष बनाने की दिशा में पहल शुरू की गई है। उद्योग निदेशालय, उत्तर प्रदेश, कानपुर के अंतर्गत अनुसूचित जाति/जनजाति सामूहिक प्रशिक्षण योजना के तहत स्थानीय जरूरत के अनुसार सिलाई और ब्यूटी पार्लर ट्रेड में चार माह का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए इच्छुक अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
दो अलग-अलग बैच में मिलेगा प्रशिक्षण
उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र, गौतमबुद्धनगर पंकज निर्वाण ने बताया कि योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के लोगों की तकनीकी कुशलता बढ़ाकर उन्हें स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। योजना के तहत चार माह का प्रशिक्षण दो अलग-अलग बैच में कराया जाएगा। एक बैच में सिलाई यानी टेलरिंग और दूसरे बैच में ब्यूटी पार्लर का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण पूरा होने पर मिलेगा 5 हजार रुपये का मानदेय
प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रत्येक प्रशिक्षार्थी के खाते में 5,000 रुपये का मानदेय दिया जाएगा। इसके साथ ही कार्यालय अथवा प्रशिक्षण देने वाली संस्था की ओर से प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया जाएगा।
18 से 45 वर्ष तक के युवक-युवतियां पात्र
योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए 18 से 45 वर्ष तक की आयु के पुरुष और महिलाएं पात्र होंगे। सिलाई और ब्यूटी पार्लर ट्रेड के लिए अभ्यर्थी का न्यूनतम शैक्षिक योग्यता जूनियर हाईस्कूल यानी कक्षा 8 उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। इसके अलावा अभ्यर्थी का उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना भी जरूरी है।
ऑनलाइन आवेदन के लिए पोर्टल निर्धारित
इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से योजना के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्र पूरी तरह ऑनलाइन भरा जाना है और आवश्यक प्रपत्रों के साथ प्रस्तुत किए गए आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे।
योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी किसी भी कार्यदिवस में उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र, सूरजपुर, कलेक्ट्रेट के निकट/पीछे, ईकोटेक-2, ग्रेटर नोएडा, गौतमबुद्धनगर में संपर्क कर सकते हैं।