ग्रेटर नोएडा में दिनदहाड़े मर्डर से सनसनी! ड्यूटी पर जा रहे युवक को बदमाशों ने 6 गोलियां मारीं, अस्पताल में मौत
ग्रेटर नोएडा: दिल्ली-एनसीआर में अपराधियों के बढ़ते हौसलों के बीच ग्रेटर नोएडा से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। इकोटेक थर्ड थाना क्षेत्र के वैदपुरा गांव में बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने युवक को निशाना बनाते हुए छह गोलियां मारीं। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
इस सनसनीखेज हत्या के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। गांव में भारी संख्या में लोग जमा हो गए और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ड्यूटी पर जाते वक्त बदमाशों ने घेरकर बरसाईं गोलियां
जानकारी के मुताबिक वैदपुरा गांव निवासी दीपक नागर बुधवार सुबह रोज की तरह घर से ड्यूटी के लिए निकला था। वह कुछ दूरी ही तय कर पाया था कि तभी मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए अज्ञात बदमाशों ने उसे घेर लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दीपक को संभलने का मौका तक नहीं मिला और बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से दीपक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
अस्पताल में तोड़ा दम, गांव में पसरा मातम
स्थानीय लोगों की मदद से घायल दीपक नागर को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन हालत बेहद गंभीर होने के कारण डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
दीपक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद वैदपुरा गांव में शोक और गुस्से का माहौल बना हुआ है।
फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची, जांच के लिए दो टीमें गठित
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामले को लेकर डीसीपी ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है।