कानपुर जेल में सनसनी: जुड़वां बेटियों के हत्यारोपी ने काटा अपना गला, बाथरूम में खून से लथपथ मिला कैदी
कानपुर: अपनी ही 11 वर्षीय जुड़वां बेटियों की बेरहमी से हत्या के आरोप में जेल में बंद शशि रंजन मिश्रा ने अब जेल के अंदर सनसनीखेज कदम उठा लिया। जिला कारागार में बंद आरोपी ने स्टील की खाने वाली प्लेट को धारदार बनाकर अपना गला काटने की कोशिश की। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। गंभीर हालत में आरोपी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
बाथरूम में खून से लथपथ मिला आरोपी
घटना रविवार की बताई जा रही है। जेल अधिकारियों के मुताबिक साथी कैदियों ने शशि रंजन मिश्रा को बैरक के बाथरूम में खून से लथपथ हालत में देखा। इसके बाद तुरंत जेल कर्मचारियों को सूचना दी गई। आनन-फानन में जेल प्रशासन मौके पर पहुंचा और आरोपी को बाहर निकालकर इलाज के लिए पहले जेल अस्पताल और फिर उर्सुला हॉर्समैन मेमोरियल अस्पताल भेजा गया।
प्लेट को रगड़कर बना लिया धारदार हथियार
जेल अधीक्षक राजेश पांडेय ने बताया कि आरोपी ने अपनी स्टील की खाने वाली प्लेट के किनारे को किसी सख्त सतह पर रगड़कर धारदार बना लिया था। इसके बाद उसी प्लेट से उसने अपने गले पर हमला कर लिया। हालांकि समय रहते उसे बचा लिया गया। अधिकारियों के अनुसार आरोपी की गर्दन पर मामूली चोटें आई हैं और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
अस्पताल में दिए विरोधाभासी बयान
जेल प्रशासन से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि अस्पताल में पूछताछ के दौरान आरोपी ने अलग-अलग बयान दिए। पहले उसने दावा किया कि वह डिप्रेशन में था और जेल में उसे इलाज नहीं मिल रहा था। बाद में उसने आरोप लगाया कि कुछ साथी कैदियों ने उस पर हमला किया था। अब जेल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।
जांच का बड़ा सवाल- जेल में कैसे बना हथियार?
घटना के बाद जेल प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर एक कैदी ने बैरक के अंदर स्टील की प्लेट को धारदार हथियार में कैसे बदल लिया। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जाएगी।
जुड़वां बेटियों की हत्या से दहला था कानपुर
शशि रंजन मिश्रा को एक महीने पहले अपनी 11 साल की जुड़वां बेटियों रिद्धि और सिद्धि की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के मुताबिक 18 और 19 अप्रैल की दरम्यानी रात उसने किदवई नगर स्थित अपने फ्लैट में धारदार हथियार से दोनों बच्चियों की गला काटकर हत्या कर दी थी।
हत्या के बाद खुद पुलिस को किया था फोन
सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि बेटियों की हत्या करने के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी फ्लैट के अंदर फर्श पर बैठा मिला था। पुलिस ने उसी समय उसे गिरफ्तार कर लिया था।
मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव है आरोपी
आरोपी शशि रंजन मिश्रा पेशे से मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव है। उसके परिवार में पत्नी रेशमा छेत्री, जुड़वां बेटियां रिद्धि-सिद्धि और 6 साल का बेटा गन्नू शामिल हैं। बच्चियां कक्षा पांच की छात्राएं थीं, जबकि बेटा यूकेजी में पढ़ता है। परिवार किदवई नगर के त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में रहता था।