7 अक्टूबर हमले के मास्टरमाइंड पर इजरायल का बड़ा वार, हमास की मिलिट्री विंग का चीफ एयरस्ट्राइक में ढेर

0 16

तेल अवीव: इजरायल ने हमास के खिलाफ जारी सैन्य अभियान में बड़ा दावा करते हुए कहा है कि उसने गाजा में एयरस्ट्राइक के दौरान हमास की मिलिट्री विंग के चीफ इज्ज अल-दीन अल-हद्दाद को मार गिराया है। इजरायली सेना के मुताबिक, अल-हद्दाद उन आखिरी बचे शीर्ष कमांडरों में शामिल था, जिसने 7 अक्टूबर 2023 को इजरायल पर हुए भीषण हमले की साजिश रची थी। वहीं हमास ने भी सोशल मीडिया के जरिए उसकी मौत की पुष्टि कर दी है।

गाजा में एयरस्ट्राइक के दौरान मारा गया अल-हद्दाद

इजरायली सेना के अनुसार, शुक्रवार को गाजा में किए गए हवाई हमले में अल-हद्दाद मारा गया। सेना ने उसे हमास का अहम सैन्य रणनीतिकार बताया है। इजरायल का कहना है कि 7 अक्टूबर 2023 को दक्षिणी इजरायल पर हुए हमले की योजना बनाने और उसे अंजाम देने में अल-हद्दाद की बड़ी भूमिका थी। उस हमले में करीब 1200 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 250 से ज्यादा लोगों को बंधक बना लिया गया था।

मोहम्मद सिनवार के बाद संभाली थी कमान

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोहम्मद सिनवार की मौत के बाद अल-हद्दाद ने हमास की मिलिट्री विंग की कमान संभाली थी। इजरायल ने आरोप लगाया है कि युद्ध के दौरान अल-हद्दाद ने कई बार खुद को बचाने के लिए इजरायली बंधकों को मानव ढाल की तरह इस्तेमाल किया।

हमले में पत्नी और बेटी की भी मौत

अल-हद्दाद के परिवार की ओर से भी उसकी मौत की पुष्टि की गई है। परिजनों के मुताबिक, गाजा में हुए इस हमले में अल-हद्दाद समेत कुल 7 लोगों की मौत हुई, जिनमें उसकी पत्नी और बेटी भी शामिल हैं। उसके दो बेटों की मौत पहले ही इजरायल-हमास संघर्ष के दौरान हो चुकी थी। शनिवार को गाजा में उसे दफनाया गया। अंतिम यात्रा के दौरान उसका शव हमास और फिलिस्तीन के झंडों में लपेटा गया था।

सीजफायर के बीच फिर बढ़ा तनाव

इजरायल और हमास के बीच लागू सीजफायर लगातार तनावपूर्ण बना हुआ है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर युद्धविराम उल्लंघन के आरोप लगा रहे हैं। गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, सीजफायर लागू होने के बाद से अब तक 850 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। ऐसे में अल-हद्दाद की मौत के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.