ईरान के शीर्ष नेतृत्व पर संकट की छाया, हमलों के बाद घायल मोजतबा खामेनेई गुप्त ठिकाने से कर रहे संचालन, सर्जरी और इलाज जारी

0 16

ईरान के मौजूदा हालात को लेकर सामने आई अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, देश के सर्वोच्च नेतृत्व की कमान संभाल रहे मोजतबा खामेनेई इस समय गंभीर परिस्थितियों में हैं और गुप्त स्थान से देश का संचालन कर रहे हैं।

सैन्य जनरलों की सलाह पर चल रहा शासन तंत्र
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मोजतबा खामेनेई निर्णय लेने के लिए इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर के वरिष्ठ जनरलों पर निर्भर हैं। पूर्व राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद के करीबी सहयोगी रहे राजनेता अब्दोलरेज़ा दावरी के हवाले से बताया गया है कि शासन व्यवस्था एक बोर्ड की तरह संचालित हो रही है, जहां जनरल सामूहिक रूप से फैसले लेते हैं और मोजतबा खामेनेई उनकी सलाह के आधार पर आगे बढ़ते हैं।

गुप्त ठिकाने से संदेश, हस्तलिखित पत्रों के जरिए हो रहा संपर्क
रिपोर्ट के मुताबिक, सुरक्षा कारणों से मोजतबा खामेनेई छिपकर रह रहे हैं। वे अपने संदेश हस्तलिखित पत्रों के माध्यम से विश्वसनीय संदेशवाहकों तक पहुंचाते हैं। ये संदेश विभिन्न मार्गों से होकर तय स्थानों तक पहुंचते हैं और जवाब भी इसी प्रक्रिया से वापस आता है।

हमलों में परिवार को खोया, खुद भी गंभीर रूप से घायल
बताया गया है कि 28 फरवरी को हुए अमेरिकी-इजरायली हमलों में उनके पिता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी। इस हमले में मोजतबा खामेनेई घायल अवस्था में बच गए, लेकिन उनकी पत्नी और बेटे की भी जान चली गई। इसके बाद से वे सीमित लोगों के संपर्क में हैं और केवल डॉक्टर व चिकित्सा कर्मियों को ही उनसे मिलने की अनुमति है।

स्वास्थ्य मंत्री और राष्ट्रपति की निगरानी में इलाज
उनके इलाज की निगरानी ईरान के स्वास्थ्य मंत्री और राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन कर रहे हैं, जो पेशे से हृदय शल्यचिकित्सक हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि गंभीर चोटों के बावजूद मोजतबा मानसिक रूप से सक्रिय बने हुए हैं।

कई सर्जरी के बाद भी हालत नाजुक, प्लास्टिक सर्जरी की जरूरत संभव
जानकारी के मुताबिक, उनके एक पैर का तीन बार ऑपरेशन किया जा चुका है और अब वे कृत्रिम पैर का सहारा लेंगे। हाथ का ऑपरेशन भी हो चुका है और उसमें धीरे-धीरे सुधार हो रहा है। हालांकि चेहरे और होंठ बुरी तरह झुलसने के कारण उन्हें बोलने में दिक्कत हो रही है, जिसके चलते भविष्य में प्लास्टिक सर्जरी की आवश्यकता बताई जा रही है।

लिखित बयानों तक सीमित, सार्वजनिक रूप से नहीं आ रहे सामने
रिपोर्ट के अनुसार, मोजतबा खामेनेई अपनी कमजोरी सार्वजनिक नहीं करना चाहते, इसलिए वे मौखिक बयान देने से बच रहे हैं और केवल लिखित संदेशों के जरिए ही अपनी बात रख रहे हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.