शहजाद पूनावाला ने छोड़ी बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता, नितिन नवीन को भेजा इस्तीफा; बोले- ‘पार्टी की व्यवस्था छोड़ रहा हूं, विचार और व्यक्ति नहीं’
नई दिल्ली: बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और राष्ट्रीय प्रवक्ता पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया है। उन्होंने सोमवार को बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन को पत्र लिखकर अपना इस्तीफा स्वीकार करने की अपील की। पूनावाला के पार्टी छोड़ने की चर्चा पिछले कुछ समय से चल रही थी, लेकिन अब उन्होंने औपचारिक रूप से अपने फैसले की जानकारी दी है।
शहजाद पूनावाला ने अपना इस्तीफा पत्र सोशल मीडिया पर साझा किया। इसमें उन्होंने बताया कि इससे पहले 30 जुलाई 2026 को उन्होंने आर्थिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों का हवाला देते हुए बीजेपी के सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से बिना शर्त इस्तीफे की पेशकश की थी। उनके मुताबिक, पार्टी ने उस समय उनका इस्तीफा तत्काल स्वीकार नहीं किया और फैसले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया था।
गंभीर विचार-विमर्श के बाद लिया अंतिम फैसला
पूनावाला ने अपने पत्र में कहा कि लंबे विचार-विमर्श और गंभीर मनन के बाद उन्होंने अब अपना अंतिम फैसला लिया है। उन्होंने राष्ट्रीय प्रवक्ता के पद और बीजेपी की सक्रिय प्राथमिक सदस्यता से मुक्त होने की इच्छा जताई है।
उन्होंने यह भी कहा कि पिछले कुछ दिनों में हुई घटनाओं और उन लोगों से जुड़ी परिस्थितियों, जिनके बारे में उन्होंने पार्टी नेतृत्व को विस्तार से जानकारी दी थी, ने उन्हें अपने पहले लिए गए निर्णय पर कायम रहने के लिए मजबूर किया।
पीएम मोदी, अमित शाह और नितिन नवीन को धन्यवाद दिया
पार्टी छोड़ने के फैसले के साथ शहजाद पूनावाला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और संगठन महामंत्री बीएल संतोष का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में पार्टी की ओर से उन्हें जो मंच और अवसर मिले, उसके लिए वह वरिष्ठ नेताओं के प्रति कृतज्ञता, प्रेम, स्नेह और सम्मान के साथ धन्यवाद देते हैं।
निजी क्षेत्र में जाने की तैयारी
शहजाद पूनावाला ने अपने अगले कदम को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि अत्यावश्यक आर्थिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों के कारण वह निजी क्षेत्र में प्रवेश करेंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि जहां और जिस रूप में संभव होगा, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के दृष्टिकोण एवं कार्यों का समर्थन करते रहेंगे।
‘पार्टी की व्यवस्था छोड़ रहा हूं, विचार और व्यक्ति नहीं’
पूनावाला ने अपने पत्र में अपने फैसले को स्पष्ट करते हुए कहा कि वह पार्टी की व्यवस्था छोड़ रहे हैं, लेकिन विचार और व्यक्ति नहीं। उनके इस बयान से संकेत मिलता है कि पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और प्रवक्ता पद छोड़ने के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के प्रति उनका समर्थन जारी रहेगा।