हनीमून पर पत्नी को आए पीरियड्स तो भड़का पति, थप्पड़-लात और घूंसों से पीटा; गला दबाने की भी कोशिश का आरोप
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से पति-पत्नी के रिश्ते को लेकर हैरान करने वाला मामला सामने आया है। रामगढ़ताल क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने आरोप लगाया है कि अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में हनीमून के दौरान उसे माहवारी आने पर उसका पति नाराज हो गया और उसके साथ मारपीट की। महिला के मुताबिक, पति ने उसे थप्पड़ मारे, लात और घूंसों से पीटा और गला दबाने की कोशिश भी की। महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति, सास और ननद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
महिला ने पुलिस को बताया कि मारपीट के दौरान उसकी चीख सुनकर होटल के कर्मचारियों ने हस्तक्षेप किया और स्थिति को संभाला। शिकायत के अनुसार, महिला की शादी 30 मई 2023 को दिल्ली के एक मैरिज लॉन में हुई थी। उसने आरोप लगाया कि शादी से पहले ही उसके ससुराल वालों ने मायके से दिए जाने वाले सामान के ब्रांडेड होने पर जोर दिया था।
दहेज को लेकर प्रताड़ित करने का भी आरोप
महिला का दावा है कि उसके पिता ने शादी में दहेज के तौर पर करीब 20 लाख रुपये नकद, एक कार और लगभग 40 लाख रुपये कीमत का अन्य सामान दिया था। महिला के मुताबिक, वह 2 जून को दिल्ली स्थित अपनी ससुराल पहुंची थी। उसने आरोप लगाया कि इसके बाद ससुराल वालों ने दहेज में दिए गए सामान को लेकर उसे ताने देने शुरू कर दिए और अपमानित किया।
शिकायत के अनुसार, शादी के करीब एक महीने बाद 4 जुलाई को वह अपने पति के साथ हनीमून के लिए अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह गई थी।
माहवारी के दौरान तेज दर्द और रक्तस्राव का आरोप
महिला ने बताया कि हनीमून के दौरान उसे माहवारी आ गई। इस दौरान उसे पेट में तेज दर्द और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। महिला का आरोप है कि पति ने उससे पूछा कि उसने पहले ही माहवारी आने की जानकारी क्यों नहीं दी। इसके बाद उसने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
महिला के मुताबिक, घटना के बाद उसके पति ने उसके पिता को फोन किया और उन्हें दिल्ली आने के लिए कहा। आरोप है कि पति ने उससे यह भी कहा कि वह अब उसके साथ नहीं रहना चाहता और उसके पिता उसे वापस ले जाएं।
ससुराल लौटने के बाद भी प्रताड़ना का आरोप
महिला के अनुसार, वह वापस ससुराल पहुंची, लेकिन वहां उसकी सास और ननद ने पति का पक्ष लिया और उसे परेशान किया। उसने दावा किया कि शादी के करीब 45 दिन बाद 14 जुलाई 2023 को उसे ससुराल से निकाल दिया गया।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि दहेज में दिया गया सामान वापस नहीं किया गया। इसके अलावा उसका पति लगातार उसे धमकी भरे संदेश भेजता रहा।
15 अगस्त को पति, सास और ननद के खिलाफ FIR
रामगढ़ताल थाना प्रभारी श्यामानंद राय के मुताबिक, महिला की शिकायत के आधार पर 15 अगस्त को निखिल मिश्रा, उसकी मां संजू मिश्रा और बहन नेहा पांडे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।