तमिलनाडु के राज्यपाल ने सेंथिल बालाजी को मंत्रिमंडल से किया बर्खास्त, CM स्टालिन ने कहा- हम कानूनी रूप से इसका सामना करेंगे

0 279

चेन्नई: तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि (RN Ravi) ने मंत्री वी. सेंथिल बालाजी (V Senthil Balaji) को बृहस्पतिवार को मंत्रिपरिषद से बर्खास्त कर दिया। राज भवन ने एक आधिकारिक विज्ञप्ति में बताया कि सेंथिल बालाजी ‘‘नौकरी के बदले में नकदी लेने और धन शोधन समेत भ्रष्टाचार के कई मामलों में गंभीर आपराधिक कार्रवाई का सामना कर रहे हैं। मंत्री के रूप में अपने पद का दुरुपयोग कर वह जांच को प्रभावित और कानून तथा न्याय की उचित प्रक्रिया में बाधा डालते रहे हैं।”

राज्यपाल आरएन रवि द्वारा तमिलनाडु के मंत्री वी सेंथिल बालाजी को बर्खास्त करने पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा, “राज्यपाल के पास अधिकार नहीं हैं, हम कानूनी रूप से इसका सामना करेंगे।”

अभी वह एक आपराधिक मामले में न्यायिक हिरासत में हैं, जिसकी जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कर रहा है। उनके खिलाफ भ्रष्टाचार रोकथाम कानून और भारतीय दंड संहिता के तहत कुछ अन्य आपराधिक मामले भी दर्ज हैं जिनकी जांच राज्य पुलिस कर रही है।

विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘‘ऐसी आशंका है कि वी. सेंथिल बालाजी के मंत्रिपरिषद में बने रहने से निष्पक्ष जांच समेत कानून की उचित प्रक्रिया पर प्रतिकूल असर होगा जिससे राज्य में संवैधानिक तंत्र ध्वस्त हो सकता है।” विज्ञप्ति के अनुसार, ‘‘इन परिस्थितियों के तहत राज्यपाल ने सेंथिल बालाजी को तत्काल प्रभाव से मंत्रिपरिषद से बर्खास्त कर दिया है।”

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.