जिन्हें जेवर का विकास नहीं दिखता, उन्हें केवल गड्ढे-जलभराव दिखाई दे रहे : धीरेन्द्र सिंह

0 29

जेवर: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास पार्किंग स्थल पर बारिश के बाद हुए जलभराव को लेकर जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जल निकासी व्यवस्था की जानकारी ली और कमियों की समीक्षा कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि जलभराव या किसी तकनीकी कमी को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा, लेकिन इसे जेवर और उत्तर प्रदेश में हो रहे बड़े विकास कार्यों से ध्यान भटकाने का जरिया नहीं बनने दिया जाएगा।

अधिकारियों को स्थायी समाधान के निर्देश

निरीक्षण के दौरान धीरेन्द्र सिंह ने अधिकारियों से जलभराव की स्थिति और जल निकासी व्यवस्था को लेकर जानकारी ली। उन्होंने व्यवस्था की समीक्षा कर जहां भी कमियां हैं, उन्हें तत्काल दूर करने और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए।

विधायक ने कहा कि बारिश के बाद सामने आई समस्या को गंभीरता से लिया जा रहा है। उनका कहना था कि किसी भी तकनीकी कमी को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और आवश्यक सुधार कराए जाएंगे।

एयरपोर्ट, सड़क और निवेश का हवाला देकर विपक्ष पर निशाना

धीरेन्द्र सिंह ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि बारिश के बाद उसे जेवर में केवल गड्ढे और जलभराव दिखाई दे रहे हैं, जबकि इसी क्षेत्र में बन रहा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, विश्वस्तरीय सड़कें, औद्योगिक निवेश और युवाओं के लिए पैदा हो रहे रोजगार के अवसर दिखाई नहीं दे रहे।

उन्होंने कहा कि एक समय जेवर विकास की मुख्यधारा से दूर माना जाता था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में यह क्षेत्र उत्तर प्रदेश के बदलते औद्योगिक और आर्थिक स्वरूप के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। उनके मुताबिक नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने जेवर को देश और दुनिया के मानचित्र पर नई पहचान दी है।

‘जिनके शासनकाल में एयरपोर्ट कागजों तक सीमित रहा, वे आज कर रहे राजनीति’

विधायक ने कहा कि जिन लोगों के शासनकाल में एयरपोर्ट का मुद्दा वर्षों तक चर्चा और कागजों तक सीमित रहा, वही लोग आज इसके आसपास बारिश के पानी को लेकर राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष को जेवर में हुआ विकास और उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर स्वीकार नहीं हो रही है।

धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रदेश में तेजी से हो रहे विकास कार्यों से जनता का ध्यान भटकाने के लिए जलभराव जैसे मुद्दों को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है।

‘विपक्ष तस्वीरों में गड्ढे खोजता रहे, हम विकास की नई इबारत लिखते रहेंगे’

जेवर विधायक ने कहा कि विपक्ष तस्वीरों में गड्ढे खोजता रहे, लेकिन सरकार और क्षेत्र के जनप्रतिनिधि जेवर में विकास की नई इबारत लिखते रहेंगे। उन्होंने दोहराया कि जहां भी कमी होगी, उसे ठीक कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि कुछ समय के जलभराव को जेवर और उत्तर प्रदेश के ऐतिहासिक विकास पर पर्दा डालने का माध्यम नहीं बनने दिया जाएगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.