बदला गया प्रतीक यादव के अंतिम संस्कार का समय और स्थान, लखनऊ में परिवार ने किया मंथन

0 24

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के दूसरे पुत्र प्रतीक यादव के निधन के बाद परिवार में शोक का माहौल है। इस बीच उनके अंतिम संस्कार के समय और स्थान में बदलाव किया गया है। परिवार के भीतर मंथन और चर्चा के बाद नया निर्णय लिया गया।

पहले जानकारी दी गई थी कि प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार गुरुवार को दोपहर 2:30 बजे पिपराघाट पर किया जाएगा, लेकिन अब अंतिम संस्कार गुरुवार सुबह 11 बजे बैकुंठ धाम में किया जाएगा। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष और भाजपा नेता अपर्णा यादव के असम दौरे से लौटने के बाद परिवार ने अंतिम संस्कार को लेकर अंतिम निर्णय लिया।

कार्डियक अरेस्ट से हुई थी मौत

38 वर्षीय प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया था। शुरुआती जानकारी के अनुसार उनकी मौत का कारण कार्डियक अरेस्ट बताया गया है। निधन की खबर सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे और अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे। उनकी मां साधना गुप्ता का अंतिम संस्कार भी पिपराघाट पर ही किया गया था।

राजनीति से दूर रहे प्रतीक यादव

प्रतीक यादव ने कभी सक्रिय राजनीति में रुचि नहीं दिखाई। उन्होंने ब्रिटेन की लीड्स यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी और अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनकी पत्नी अपर्णा यादव ने वर्ष 2017 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन बाद में वह भाजपा में शामिल हो गईं। वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं।

मुलायम परिवार से भाजपा में जाने वाली अपर्णा यादव अकेली सदस्य मानी जाती हैं।

फिटनेस और लग्जरी लाइफस्टाइल के थे शौकीन

प्रतीक यादव फिटनेस के प्रति बेहद जागरूक थे। उन्होंने लखनऊ में ‘द फिटनेस प्लानेट’ नाम से जिम शुरू किया था। सोशल मीडिया पर भी वह फिटनेस और लाइफस्टाइल को लेकर चर्चा में रहते थे।

उन्हें महंगी गाड़ियों का भी शौक था और कई बार वह अपनी लग्जरी स्पोर्ट्स कारों को लेकर सुर्खियों में रहे। इसके अलावा उन्हें पशु प्रेमी के तौर पर भी जाना जाता था। वह ‘जीव आश्रय’ नामक संस्था का संचालन भी करते थे।

बर्थडे पार्टी में हुई थी अपर्णा से पहली मुलाकात

प्रतीक यादव और अपर्णा यादव की पहली मुलाकात एक बर्थडे पार्टी में हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे रिश्ते ने शादी का रूप ले लिया। दोनों की शादी 4 दिसंबर 2011 को सैफई में भव्य समारोह के बीच हुई थी।

अपर्णा यादव का परिवार मूल रूप से उत्तराखंड से जुड़ा है। उनके पिता अरविंद सिंह बिष्ट उत्तर प्रदेश के राज्य सूचना आयुक्त रह चुके हैं, जबकि उनकी मां अंबी बिष्ट लखनऊ विकास प्राधिकरण में संपत्ति अधिकारी थीं।

अपनी अलग दुनिया में रहते थे प्रतीक यादव

करीबी लोगों के मुताबिक प्रतीक यादव बहुत ज्यादा सामाजिक व्यक्ति नहीं थे और वह अपनी निजी जिंदगी में रहना पसंद करते थे। बड़े राजनीतिक परिवार से जुड़े होने के बावजूद उन्होंने राजनीति से दूरी बनाए रखी और अपने शौक, फिटनेस और लग्जरी जीवनशैली को प्राथमिकता दी।

लखनऊ के लोहिया पथ पर उनकी महंगी स्पोर्ट्स कारों के साथ कई वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में रहते थे। जिम और फिटनेस को लेकर उनका जुनून भी लोगों के बीच काफी मशहूर था।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.