कर्नाटक में सत्ता परिवर्तन का दिन आज, डीके शिवकुमार संभालेंगे मुख्यमंत्री पद; 14 मंत्रियों के साथ ले सकते हैं शपथ

0 22

बेंगलुरु: कर्नाटक की राजनीति में बुधवार को बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। वरिष्ठ कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। संभावित कार्यक्रम के अनुसार शपथग्रहण समारोह शाम 4 बजकर 5 मिनट पर आयोजित किया जा सकता है। हालांकि, स्वयं डीके शिवकुमार ने कहा है कि शपथ का समय अभी अंतिम रूप से तय नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के साथ ही वह राज्य में कांग्रेस सरकार के नए चेहरे के रूप में कार्यभार ग्रहण करेंगे।

दिल्ली में चली बैठकों के बाद बनी सहमति

सत्ता परिवर्तन को लेकर मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस नेतृत्व के स्तर पर कई दौर की महत्वपूर्ण बैठकें हुईं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया के बीच लंबी चर्चा के बाद नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया गया। इसके बाद शपथग्रहण की तैयारियां तेज कर दी गईं।

पहले चरण में 14 मंत्रियों को मिल सकती है जिम्मेदारी

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री के साथ पहले चरण में केवल 14 मंत्री शपथ ले सकते हैं। कांग्रेस नेतृत्व आज उन नेताओं की सूची जारी कर सकता है जिन्हें मंत्रिमंडल में जगह मिलेगी। बताया जा रहा है कि मंत्रिमंडल का विस्तार बाद में किया जाएगा।

डिप्टी सीएम पद पर फिलहाल फैसला नहीं

राजनीतिक गलियारों में चर्चा के बावजूद पहले चरण के शपथग्रहण में किसी नेता के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने की संभावना नहीं जताई जा रही है। माना जा रहा है कि सरकार गठन के शुरुआती चरण में छोटा मंत्रिमंडल रखा जाएगा और बाद में क्षेत्रीय तथा सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए विस्तार किया जाएगा।

2028 विधानसभा और 2029 लोकसभा चुनाव पर कांग्रेस की नजर

राज्य नेतृत्व में यह बदलाव कांग्रेस की दीर्घकालिक राजनीतिक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। पार्टी आगामी 2028 के कर्नाटक विधानसभा चुनाव और 2029 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए नए नेतृत्व के साथ आगे बढ़ने की तैयारी कर रही है। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने इस बदलाव को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है और इसे जनता के साथ विश्वासघात तथा सत्ता के लिए किया गया राजनीतिक निर्णय बताया है।

इन नेताओं के नाम मंत्रिमंडल में शामिल होने की चर्चा में

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे डीके शिवकुमार के साथ जिन नेताओं के मंत्रिमंडल में शामिल होने की चर्चा है, उनमें यतींद्र सिद्धारमैया, जी परमेश्वर, केजे जॉर्ज, प्रियांक खरगे, एमबी पाटिल, रामलिंगा रेड्डी, ईश्वर खंडरे, कृष्णा बयरे गौड़ा, लक्ष्मी हेब्बलाकर, बी सुरेश और सतीश जारकीहोली प्रमुख बताए जा रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक यदि सतीश जारकीहोली कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी स्वीकार करते हैं तो उनकी जगह बीके हरिप्रसाद को मंत्रिमंडल में अवसर मिल सकता है। इसके अलावा केएच मुनियप्पा और दिनेश गुंडू राव के नाम भी संभावित दावेदारों में शामिल बताए जा रहे हैं।

यतींद्र सिद्धारमैया पर भी नजर

मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले संभावित चेहरों में यतींद्र सिद्धारमैया का नाम विशेष रूप से चर्चा में है। वह पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के पुत्र हैं और वर्तमान में विधान परिषद के सदस्य हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल कर कांग्रेस सामाजिक और राजनीतिक संतुलन साधने की कोशिश कर सकती है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.