F-35 डील पर ट्रंप का दोटूक संदेश, नेतन्याहू की आपत्ति खारिज, बोले- अमेरिका क्या बेचेगा यह कोई तय नहीं करेगा

0 21

वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तुर्किये को एफ-35 स्टेल्थ लड़ाकू विमान बेचने के प्रस्ताव पर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की आपत्ति को खारिज कर दिया है। ट्रंप ने स्पष्ट कहा कि अमेरिका अपने रक्षा सौदों का फैसला स्वयं करेगा और कोई दूसरा देश यह तय नहीं करेगा कि अमेरिका किसे क्या बेचेगा। यह बयान ऐसे समय आया है जब नेतन्याहू वॉशिंगटन दौरे पर हैं और उनकी ट्रंप के साथ क्षेत्रीय सुरक्षा समेत कई अहम मुद्दों पर बैठक प्रस्तावित है।

ट्रंप बोले- रक्षा सौदों पर फैसला अमेरिका का होगा

एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि अमेरिका किन देशों को रक्षा उपकरण बेचेगा, इसका निर्णय केवल अमेरिका करेगा। उन्होंने तुर्किये को अपना भरोसेमंद सहयोगी बताते हुए कहा कि किसी अन्य नेता को यह तय करने का अधिकार नहीं है कि अमेरिका को क्या बेचना चाहिए।

नेतन्याहू ने जताई थी कड़ी आपत्ति

इससे पहले बेंजामिन नेतन्याहू ने एक साक्षात्कार में तुर्किये को एफ-35 लड़ाकू विमान देने के प्रस्ताव का विरोध किया था। उन्होंने कहा था कि उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप से इस सौदे को मंजूरी नहीं देने का अनुरोध किया है। उनके अनुसार, तुर्किये को अत्याधुनिक लड़ाकू विमान मिलने से मध्य पूर्व में सैन्य शक्ति का संतुलन प्रभावित हो सकता है।

नेतन्याहू ने यह भी कहा था कि तुर्किये का वर्तमान नेतृत्व मुस्लिम ब्रदरहुड से प्रभावित है और राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोआन इजरायल के खिलाफ कड़े बयान देते रहे हैं। उनका कहना था कि ऐसे हालात में तुर्किये को एफ-35 उपलब्ध कराना क्षेत्रीय सुरक्षा के लिहाज से उचित नहीं होगा।

तुर्किये के साथ बेहतर संबंधों का जिक्र

ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और तुर्किये के संबंध पहले की तुलना में बेहतर हुए हैं। उन्होंने कहा कि कई मामलों में तुर्किये ने अपेक्षा से अधिक सहयोग और वफादारी दिखाई है। ट्रंप ने यह भी संकेत दिए कि उनकी सरकार जल्द यह फैसला कर सकती है कि कांग्रेस द्वारा लगाए गए प्रतिबंधों के बावजूद तुर्किये को एफ-35 लड़ाकू विमान बेचे जाएं या नहीं।

इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि तुर्किये द्वारा रूस से एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम खरीदने के कारण लगाए गए अमेरिकी प्रतिबंध हटाने पर भी उनकी सरकार विचार कर रही है।

एफ-35 को बताया दुनिया के सबसे बेहतरीन लड़ाकू विमानों में शामिल

ट्रंप ने एफ-35 को अब तक के सबसे बेहतरीन लड़ाकू विमानों में से एक बताते हुए कहा कि तुर्किये को इसकी बिक्री का प्रस्ताव गंभीरता से विचाराधीन है। दूसरी ओर, तुर्किये के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोआन ने भी संकेत दिए हैं कि अमेरिका से एफ-35 लड़ाकू विमान खरीदने और तुर्किये के स्वदेशी केएएएन लड़ाकू विमान के लिए अमेरिकी इंजन हासिल करने की दिशा में बातचीत आगे बढ़ रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.