भोपाल: नोएडा निवासी 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने सख्त रुख अपनाया है। मीडिया रिपोर्ट्स के आधार पर आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मध्य प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। आयोग ने साफ कहा है कि महिलाओं के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा जैसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शादी के पांच महीने बाद हुई संदिग्ध मौत
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्विशा शर्मा की शादी को अभी महज पांच महीने ही हुए थे। ऐसे में उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़िता के परिवार ने पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह पर दहेज उत्पीड़न, मानसिक प्रताड़ना और शारीरिक हिंसा के गंभीर आरोप लगाए हैं।
मुख्य सचिव और DGP को भेजा गया पत्र
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर मामले की तत्काल, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने 7 दिनों के भीतर विस्तृत एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) सौंपने को कहा है।
आयोग ने मांगी जांच की पूरी जानकारी
आयोग ने एफआईआर में लगाए गए धाराओं, आरोपियों की गिरफ्तारी और पूछताछ की स्थिति, फरार बताए जा रहे आरोपी समर्थ सिंह की गिरफ्तारी के प्रयास, पासपोर्ट जब्त करने की कार्रवाई और जांच में जुटाए जा रहे इलेक्ट्रॉनिक व फोरेंसिक सबूतों की जानकारी मांगी है। इसके अलावा CCTV फुटेज, कॉल रिकॉर्ड्स, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहले की गई शिकायतों पर पुलिस कार्रवाई का पूरा ब्योरा भी तलब किया गया है।
पीड़िता के परिवार की सुरक्षा पर भी जोर
राष्ट्रीय महिला आयोग ने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि पीड़िता के परिवार को किसी भी तरह की धमकी, दबाव या चरित्र हनन से सुरक्षा दी जाए। आयोग का कहना है कि निष्पक्ष माहौल में ही न्याय प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है और पीड़ित परिवार का संरक्षण बेहद जरूरी है।
दहेज उत्पीड़न पर NCW की दो टूक
आयोग ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि महिलाओं के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा के मामलों में प्रभाव या रसूख का इस्तेमाल किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। आयोग ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही है।
मॉडलिंग और कॉर्पोरेट दुनिया से जुड़ी थीं ट्विशा
ट्विशा शर्मा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थीं। उन्होंने एमबीए की पढ़ाई की थी और दिल्ली की एक निजी कंपनी में कार्यरत थीं। शादी से पहले वह तेलुगु फिल्मों और मॉडलिंग की दुनिया में भी सक्रिय रही थीं। बताया जा रहा है कि एक डेटिंग ऐप के जरिए उनकी मुलाकात समर्थ सिंह से हुई थी। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और परिवार की सहमति से दिसंबर 2025 में शादी हुई। हालांकि शादी के कुछ ही महीनों बाद हुई ट्विशा की मौत ने पूरे मामले को रहस्य और विवादों के घेरे में ला दिया है।