दिल्ली में मौसम का यू-टर्न! आंधी-बारिश के बीच रेड अलर्ट जारी, 2-3 दिन में यूपी में दस्तक देगा मानसून

0 30

नई दिल्ली: उत्तर भारत में मानसून से पहले मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। राजधानी दिल्ली और एनसीआर में गुरुवार रात तेज आंधी, बिजली और बारिश ने भीषण गर्मी से परेशान लोगों को बड़ी राहत दी। हालांकि तेज हवाओं के चलते कई इलाकों में पेड़ गिरने और अन्य नुकसान की घटनाएं भी सामने आई हैं। मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है और लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं और अगले दो से तीन दिनों के भीतर दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में प्रवेश कर सकता है। वहीं, राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में अब भी भीषण गर्मी का असर बना हुआ है। गुरुवार को जैसलमेर का अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

दिल्ली-एनसीआर में तेज हवाओं और बारिश से मिली राहत

गुरुवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ली और राजधानी के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। दिनभर की उमस और गर्मी के बाद मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को राहत मिली। कई स्थानों पर आसमान में काले बादल छाए रहे, बिजली चमकी और तेज बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि तूफान, वज्रपात और 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवा की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना भी जताई गई है। विभाग ने लोगों को कमजोर ढांचों, पेड़ों और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है।

उत्तर प्रदेश की ओर तेजी से बढ़ रहा मानसून

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुडुचेरी के शेष हिस्सों में आगे बढ़ते हुए पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ इलाकों तक पहुंच बना ली है। बिहार के मधुबनी जिले तक मानसून की दस्तक हो चुकी है।

अगले दो से तीन दिनों के दौरान मानसून के महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है। इससे उत्तर प्रदेश में बारिश का इंतजार कर रहे लोगों को जल्द राहत मिल सकती है।

बिहार में मानसून की एंट्री, कई राज्यों में बढ़ेगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून फिलहाल केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों को कवर कर चुका है। इसके अलावा महाराष्ट्र, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, बिहार और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भी मानसून सक्रिय हो चुका है।

आने वाले दिनों में मानसून के प्रभाव से छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में वर्षा गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट और मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

देशभर में सामान्य से कम रही बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले सप्ताह देशभर में सामान्य से 26 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई। दक्षिण-पश्चिम मानसून की वर्षा भी औसत से 26 प्रतिशत कम रही। हालांकि इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में आंधी, तूफान और वज्रपात की घटनाएं देखने को मिलीं।

अगले सप्ताह कैसा रहेगा मौसम?

पूर्वानुमान के मुताबिक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, उत्तर तमिलनाडु, उत्तर केरल, कर्नाटक और पंजाब में सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। वहीं गोवा, तटीय कर्नाटक और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम वर्षा के आसार हैं।

राजस्थान और गुजरात को छोड़कर देश के अधिकांश राज्यों में अगले सप्ताह बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है। इसके बाद तापमान में फिर 3 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.