यूपी के सभी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में यूनिफॉर्म अनिवार्य, राज्यपाल का सख्त आदेश; अनुशासन और सुरक्षा पर जोर

0 15

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अब विश्वविद्यालयों और डिग्री कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों के लिए यूनिफॉर्म अनिवार्य होगी। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने बुधवार को एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक के दौरान सभी विश्वविद्यालयों और संबद्ध कॉलेजों को यह सख्त निर्देश जारी किया। इसके साथ ही शिक्षकों को भी अपने आचरण को लेकर सख्त चेतावनी दी गई है।

सभी कॉलेजों में लागू होगी एकरूप ड्रेस कोड व्यवस्था
राज्यपाल ने स्पष्ट किया कि प्रदेश के सभी विश्वविद्यालय और राज्य विश्वविद्यालय अपने-अपने स्तर पर छात्रों के लिए यूनिफॉर्म का रंग और डिजाइन तय करेंगे। फिलहाल कुछ महिला और सह-शिक्षा कॉलेजों में यूनिफॉर्म की व्यवस्था है, लेकिन अधिकांश संस्थानों में छात्र-छात्राएं अपनी पसंद के कपड़ों में आते हैं। अब इसे बदलते हुए पूरे प्रदेश में एक समान ड्रेस कोड लागू किया जाएगा, जिससे कैंपस में अनुशासन और एकरूपता सुनिश्चित हो सके।

शिक्षकों के आचरण पर भी सख्त रुख, गरिमा बनाए रखने के निर्देश
बैठक के दौरान राज्यपाल ने शिक्षकों को स्पष्ट संदेश दिया कि वे ऐसा कोई भी आचरण न करें जिससे उनकी गरिमा या विद्यार्थियों की सुरक्षा और सम्मान पर असर पड़े। यह निर्देश हाल ही में सामने आए कुछ विवादों के संदर्भ में भी माना जा रहा है, जिसमें एक शिक्षक के खिलाफ गंभीर आरोप लगे थे और उस मामले में कार्रवाई भी की गई थी।

छात्रों की शिकायतों के लिए बनेगी विशेष समितियां
राज्यपाल ने कहा कि कई बार छात्र-छात्राएं अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के सामने नहीं रख पाते। ऐसे में सभी विश्वविद्यालयों में विशेष समितियों के गठन के निर्देश दिए गए हैं, जिनमें छात्रों की भी भागीदारी होगी। इससे समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा।

महिला छात्रावासों की स्थिति सुधारने पर जोर
बैठक में राज्यपाल ने प्रदेश के महिला छात्रावासों की स्थिति में सुधार लाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा और सुविधाओं से कोई समझौता नहीं होना चाहिए और सभी संस्थान इस दिशा में ठोस कदम उठाएं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.