UP Rain Alert: यूपी में रिकॉर्डतोड़ बारिश से जनजीवन बेहाल, पश्चिमी जिलों में आज दोपहर बाद मिल सकती है राहत

0 15

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और कई जिलों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित है। जलभराव, बिजली आपूर्ति बाधित होने और पेयजल संकट जैसी समस्याओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हालांकि मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए राहत के संकेत दिए हैं। विभाग के अनुसार शुक्रवार दोपहर बाद से बारिश की तीव्रता कम होने की संभावना है।

बारिश के आंकड़ों में आया बड़ा सुधार

8 जुलाई को हुई व्यापक बारिश का असर प्रदेश के मानसूनी आंकड़ों में भी देखने को मिला है। मौसम विभाग के मुताबिक, एक दिन पहले तक उत्तर प्रदेश में सामान्य से 40 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई थी, जो अब घटकर 27 प्रतिशत कम रह गई है। सबसे अधिक सुधार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दर्ज किया गया, जहां सामान्य से 20 प्रतिशत कम वर्षा की स्थिति बदलकर अब 13 प्रतिशत अधिक वर्षा हो गई है।

9 जुलाई तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 152.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि सामान्य वर्षा का स्तर 135.0 मिलीमीटर है। इससे क्षेत्र में दीर्घकालिक औसत की तुलना में 13 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई। इससे पहले 8 जुलाई तक यहां केवल 103.0 मिलीमीटर वर्षा हुई थी।

पूर्वांचल में बारिश और वज्रपात का कहर

गुरुवार को आजमगढ़ को छोड़कर पूर्वांचल के अधिकांश जिलों में कहीं तेज तो कहीं हल्की बारिश हुई। इस दौरान गाजीपुर और सोनभद्र में वज्रपात की घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। गाजीपुर के मरदह क्षेत्र में एक युवक और सोनभद्र के घोरावल स्थित बिसुंधरी गांव में 22 वर्षीय प्रियांशु मौर्य की जान चली गई। वहीं चंदौली के इलिया क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक गाय की भी मौत हो गई।

12 और 13 जुलाई को भारी बारिश की संभावना

मानसून की पहली व्यापक बारिश से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम सुहावना हो गया है। गुरुवार को सुबह से बादल छाए रहे और दोपहर करीब दो बजे कई इलाकों में करीब 45 मिनट तक तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने 12 और 13 जुलाई को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी वर्षा होने की संभावना जताई है।

बारिश से लुढ़का तापमान, गर्मी से मिली राहत

लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। गुरुवार को अधिकतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 8.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस कम रहा, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली।

पश्चिमी यूपी में आज दोपहर बाद बदल सकता है मौसम

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली के ऊपर बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी बारिश हुई है। विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार दोपहर तक मेरठ समेत पश्चिमी जिलों में मध्यम से भारी बारिश जारी रह सकती है। इसके बाद वर्षा की गतिविधियों में तेजी से कमी आने के आसार हैं। देर शाम तक अधिकांश क्षेत्रों में बारिश थम सकती है और देर रात तक मौसम साफ होने की संभावना है। शनिवार से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम सामान्यतः शुष्क रहने का अनुमान है, हालांकि कुछ स्थानों पर सुबह या देर शाम हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही पछुआ हवाएं चलने से मौसम और अधिक शुष्क हो सकता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.