UP Weather: उमस से बेहाल यूपी को अब बारिश का इंतजार, 13 अगस्त से बदलेगा मौसम; 17 तक झमाझम के आसार, येलो अलर्ट

0 26

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बादल छाने के बावजूद बारिश नहीं होने से उमस भरी गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कई जिलों में दिनभर बादलों की आवाजाही रही, लेकिन बारिश के लिए जरूरी परिस्थितियां नहीं बन सकीं। इस बीच मौसम विभाग ने राहत की उम्मीद जताई है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव के क्षेत्र के असर से 13 या 14 अगस्त से प्रदेश में मौसम बदल सकता है और 17 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। इसे लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

बादल छाए, लेकिन बारिश ने किया इंतजार

प्रदेश के कई हिस्सों में पिछले कुछ दिनों से आसमान में बादल नजर आ रहे हैं, लेकिन बारिश नहीं होने से वातावरण में नमी बनी हुई है। अधिकतम नमी 89 प्रतिशत और न्यूनतम 65 प्रतिशत दर्ज की गई। नमी अधिक होने के कारण उमस बढ़ गई और लोगों को वास्तविक तापमान से ज्यादा गर्मी महसूस हुई।

हवा की गति सामान्य रही और लगातार उत्तर-पूर्वी हवाएं चलती रहीं, इसके बावजूद लोगों को गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल सकी। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में कम दबाव का क्षेत्र नहीं बनने के कारण बारिश का सिलसिला फिलहाल थमा हुआ है। वहीं, मानसून की ट्रफ लाइन भी सामान्य से काफी नीचे बनी हुई है।

बागपत में दो दिन से बारिश, तापमान भी गिरा

प्रदेश के कुछ इलाकों में मौसम ने राहत जरूर दी है। मंगलवार सुबह बागपत के बालैनी क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हुई। वहीं, बड़ौत और खेकड़ा में दोपहर तक बूंदाबांदी होती रही। बारिश के कारण इन इलाकों में लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।

पिछले दो दिनों से हो रही बारिश का असर तापमान पर भी दिखाई दिया। अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई।

अभी उमस से तुरंत राहत के आसार कम

मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल प्रदेश में तेज बारिश नहीं होने की स्थिति में गर्मी और उमस से राहत मिलना मुश्किल है। हीट इंडेक्स 60 के पार जाने की संभावना भी जताई गई है।

मंगलवार को अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रात का तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह इस सीजन में रात का सबसे अधिक तापमान रहा। बादलों की मौजूदगी के कारण दिन का तापमान बढ़ा, लेकिन कम दबाव का क्षेत्र नहीं बनने से बारिश नहीं हो सकी।

13 या 14 अगस्त से झमाझम बारिश का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार 12 अगस्त को ओडिशा के पास बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके मजबूत होने पर इसका असर उत्तर प्रदेश के मौसम पर पड़ सकता है। विभाग ने 13 या 14 अगस्त से 17 अगस्त तक बारिश की संभावना जताई है।

इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया है। हालांकि मंगलवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों के लिए येलो अलर्ट था, लेकिन उम्मीद के मुताबिक बारिश नहीं हुई।

गुरुवार से मानसून के सक्रिय होने की उम्मीद

कानपुर स्थित चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम कृषि तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा के मुताबिक प्रदेश में बादल छाए रह सकते हैं और स्थानीय स्तर पर कभी भी बारिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि फिलहाल मानसून की सक्रियता ज्यादा नहीं है, लेकिन गुरुवार से इसके सक्रिय होने की संभावना है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.