बेटी को प्रेमी संग देख भड़के पिता-चाचा, लोहे की रॉड से युवक की हत्या; सड़क पर शव रखकर 5 घंटे तक बवाल

0 37

कुशीनगर: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में प्रेम प्रसंग को लेकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि बेटी को उसके प्रेमी के साथ देखकर युवती के पिता और चाचा भड़क गए और दोनों ने युवक की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। मंगलवार सुबह युवक का शव सड़क पर मिलने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

रात में प्रेमिका से मिलने पहुंचा था युवक

मामला कसया थाना क्षेत्र के चुरामन छपरा गांव का है। यहां योगेंद्र मद्धेशिया का 24 वर्षीय बेटा मोहित सोमवार रात खाना खाने के बाद गांव में बने अपने नए मकान में सोने चला गया था। पुलिस जांच में सामने आया कि मोहित युवती से बातचीत करता था और सोमवार रात उसने उसे गांव के बाहर स्थित अपने दूसरे मकान पर मिलने के लिए बुलाया था।

बताया गया कि युवती के पिता और उसका चचेरा भाई बेटी की तलाश करते हुए मोहित के मकान तक पहुंच गए। वहां दोनों को एक साथ देखने के बाद आरोपी भड़क गए। आरोप है कि दोनों ने किसी भारी लोहे की रॉड से मोहित पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।

शव को सड़क तक घसीटकर ले जाने का आरोप

मोहित के परिजनों ने आरोप लगाया कि हमलावर घर में घुसकर उसकी हत्या करने के बाद शव को पीछे के रास्ते से घसीटकर सड़क तक ले गए। परिजनों का कहना है कि आरोपी शव को कहीं और ले जाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन गोबरही-हेतिमपुर मार्ग पर किसी वाहन की रोशनी दिखाई देने के बाद शव सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।

मंगलवार सुबह हत्या की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने हेतिमपुर-गोबरही मार्ग पर जाम लगा दिया। करीब तीन घंटे बाद भीड़ शव लेकर तीन किलोमीटर दूर रामकोला-कसया मार्ग स्थित गोबरही चौराहे पर पहुंच गई और वहां शव सड़क पर रखकर विरोध शुरू कर दिया।

टेंट लगाने लगे ग्रामीण, पुलिस को करना पड़ा बल प्रयोग

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार ग्रामीणों को समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन लोग अपनी मांगों पर अड़े रहे। जब प्रदर्शनकारी सड़क पर टेंट लगाने लगे और बड़े आंदोलन की चेतावनी देने लगे तो स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

सूचना मिलने पर कसया के सीओ अजय कुमार सिंह और एसडीएम विवेक कुमार मिश्र मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को सड़क से हटाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने करीब पांच घंटे तक मुख्य सड़क पर विरोध जताया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।

तीन घंटे में पुलिस ने खोली हत्या की गुत्थी

परिजनों की तहरीर पर पड़ोसी गांव के दो भाइयों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच शुरू की तो मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा सामने आया। इसके बाद युवती को भी पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया।

एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि मोहित की हत्या युवती के पिता और उसके चचेरे भाई ने की थी। पुलिस के मुताबिक दोनों ने लोहे की रॉड से हमला किया था। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड बरामद कर ली है।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दूसरे आरोपी की तलाश

एसपी केशव कुमार ने बताया कि कसया पुलिस ने हत्या का खुलासा करीब तीन घंटे के भीतर कर दिया। पुलिस के अनुसार प्रेम प्रसंग के चलते युवक की हत्या की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

एसपी ने यह भी कहा कि सड़क जाम कर अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.