महंगाई और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ लखनऊ विश्वविद्यालय में छात्रसभा का हंगामा, कई कार्यकर्ता हिरासत में

0 35

लखनऊ: बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ रही कीमतों को लेकर बुधवार को लखनऊ विश्वविद्यालय परिसर में समाजवादी छात्रसभा के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र नेता और कार्यकर्ता विश्वविद्यालय परिसर में जुटे और सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।

प्रदर्शन के दौरान छात्र नेताओं ने कहा कि महंगाई ने आम लोगों का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। उनका आरोप था कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने से रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों में भी लगातार इजाफा हो रहा है, जिसका सीधा असर गरीब, मध्यम वर्ग और छात्रों पर पड़ रहा है।

सरकार पर जनहित के मुद्दों की अनदेखी का आरोप

प्रदर्शनकारी छात्रों ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जनहित के मुद्दों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। छात्र नेताओं का कहना था कि युवाओं के रोजगार, शिक्षा और महंगाई जैसे अहम मुद्दों पर सरकार पूरी तरह असफल साबित हो रही है।

समाजवादी छात्रसभा के कार्यकर्ता हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर विश्वविद्यालय परिसर से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान मौके पर तैनात पुलिस बल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया।

पुलिस और छात्रों के बीच हुई नोकझोंक

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्र कार्यकर्ताओं के बीच कुछ देर तक तीखी बहस और नोकझोंक भी देखने को मिली। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

इसके बाद हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं को बसों के जरिए ईकोगार्डन भेज दिया गया। पुलिस कार्रवाई के बाद भी छात्र नेताओं ने आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।

आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी

समाजवादी छात्रसभा के नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर नियंत्रण नहीं किया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.