टीवी से सिनेमा तक, विक्रम गोखले ने दिखाया दमदार अभिनय, इस फिल्म के लिए जीता राष्ट्रीय पुरस्कार

0 135

नई दिल्ली. बॉलीवुड और टीवी के दिग्गज अभिनेता विक्रम गोखले का निधन हो गया। वह कई दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। जानकारी के मुताबिक उनकी स्थिति गंभीर होने की वजह से उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। विक्रम को उनकी दमदार अदाकारी के लिए जाना जाता है। वह कई फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवा चुके हैं।

बॉलीवुड और छोटे पर्दे के अलावा विक्रम ने मराठी थिएटर का भी नाम कमाया। उनके पिता चंद्रकांत गोखले भी मराठी थिएटर और फिल्मों के अभिनेता थे। उनकी परदादी दुर्गाबाई कामत को भारतीय फिल्मों की पहली अभिनेत्री बताया जाता है। इसके अलावा उनकी दादी कमलाबाई गोखले भी फिल्मों से ताल्लुक रखती थीं। उन्होंने भारतीय सिनेमा की पहली बाल कलाकार के रूप में काम किया था।

विक्रम गोखले ने कई फिल्मों में काम किया। कम स्क्रीन टाइम में भी अपनी दमदार एक्टिंग से उन्होंने लोगों के दिलों में खास जगह बनाई। उनके फिल्मी करियर की बात करें तो उन्होंने साल 1971 में रिलीज हुई फिल्म ‘परवाना’ से अपना सफर शुरू किया था। स्वर्ग नरक, इंसाफ, अग्निपथ, खुदा गवाह, अधर्म, तड़ीपार, आंदोलन, हम दिल दे चुके सनम, भूल भूलैया, दे दना दन, बैंग बैंग, अय्यारी, हिचकी और मिशन मंगल जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को काफी पसंद किया गया।

वहीं, छोटे पर्दे पर भी वह कई धारावाहिकों में नजर आए। उन्होंने उड़ान, इंद्रधनुष, क्षितिज ये नहीं, संजीवनी, जीवन साथी, सिंहासन, मेरा नाम करेगी रोशन, शिव महापुराण और अवरोध: में काम किया। अभिनय के साथ ही विक्रम गोखले ने साल 2010 में बतौर निर्देशक मराठी फिल्म अघात बनाई। थिएटर में उनके योगदान के लिए उन्हें संगीत नाटक अकादमी अवॉर्ड से नवाजा भी जा चुका है। इसके अलावा साल 2013 में मराठी फिल्म ‘अनुमति’ में शानदार अभिनय के लिए उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित भी किया जा चुका है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.