आज अयोध्या पहुंचेंगे CM योगी, राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO जितेंद्र मिश्रा से होगी मुलाकात; सुबह ट्रेन से पहुंचे

0 23

अयोध्या: राम मंदिर ट्रस्ट के नए मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा आज सुबह ट्रेन से अयोध्या पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी आज अयोध्या के दौरे पर रहेंगे और रामलला के दर्शन करेंगे। इसी दौरान दोनों की मुलाकात होगी। राम मंदिर ट्रस्ट का सीईओ बनने के बाद जितेंद्र मिश्रा की मुख्यमंत्री योगी से यह अहम मुलाकात मानी जा रही है।

जितेंद्र मिश्रा के नाम का ऐलान 2 सितंबर को राम मंदिर ट्रस्ट के पहले सीईओ के तौर पर किया गया था। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया के रहने वाले हैं और 30 अप्रैल 2026 को भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्त हुए हैं।

कारगिल युद्ध और ऑपरेशन सिंदूर में निभाई अहम भूमिका

रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा भारतीय वायुसेना की पश्चिमी कमान के प्रमुख भी रह चुके हैं। उन्होंने कारगिल युद्ध और ऑपरेशन सिंदूर में अहम भूमिका निभाई थी। सैन्य सेवा के दौरान उन्हें सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल, अति विशिष्ट सेवा मेडल और विशिष्ट सेवा मेडल से सम्मानित किया जा चुका है।

वायुसेना में करीब 43 साल की सेवा के बाद अब उन्हें राम मंदिर ट्रस्ट की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सीईओ बनाए जाने के बाद जितेंद्र मिश्रा ने इसे अपना सौभाग्य बताया था और कहा था कि इतने उम्मीदवारों में से उनका चयन भगवान राम का आशीर्वाद है।

दान में चोरी के मामले के बाद सीईओ पद बनाने का फैसला

राम मंदिर में दान में चोरी के मामले ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। मामला सामने आने के बाद राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और अनिल मिश्रा को उनके पद से हटा दिया गया था। इसके बाद ट्रस्ट के कामकाज को व्यवस्थित तरीके से संचालित करने के लिए सीईओ नियुक्त करने का फैसला किया गया।

इसी प्रक्रिया के तहत जितेंद्र मिश्रा को ट्रस्ट का पहला सीईओ बनाया गया है। उनकी नियुक्ति के साथ ट्रस्ट के कामकाज और प्रशासनिक व्यवस्था में बदलाव की दिशा में भी इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

तीन नए ट्रस्टी भी बनाए गए

सीईओ की नियुक्ति के साथ राम मंदिर ट्रस्ट में तीन नए ट्रस्टियों को भी शामिल किया गया है। दिल्ली के महेश भागचंदका, अयोध्या के मदन मोहन पांडेय और शिकोहाबाद की निर्मला यादव को नया ट्रस्टी बनाया गया है।

जितेंद्र मिश्रा की नियुक्ति पर कांग्रेस ने उठाए थे सवाल

जितेंद्र मिश्रा को राम मंदिर ट्रस्ट का सीईओ बनाए जाने के बाद कांग्रेस ने भी सवाल उठाए थे। पार्टी की ओर से कहा गया था कि मंदिर से जुड़े काम साधु-संतों का विषय हैं। हालांकि, ट्रस्ट की ओर से जितेंद्र मिश्रा को सीईओ की जिम्मेदारी सौंपी जा चुकी है और अब अयोध्या पहुंचने के बाद उनकी आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात होगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.