काजीरंगा में भीषण सड़क हादसा, ट्रक और ट्रैवलर की आमने-सामने टक्कर में 23 लोगों की मौत, कई घायल

0 22

गुवाहाटी: असम के गोलाघाट जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों को उजाड़ दिया। काजीरंगा के रोंगाजन इलाके में ट्रैवलर वाहन और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्रैवलर में सवार अधिकांश यात्री काजीरंगा कॉलेज के छात्र थे।

घायलों को तत्काल आसपास के अस्पतालों में पहुंचाया गया। कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बोकाखाट, जोरहाट और गोलाघाट के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया।

हाथिकुली टी एस्टेट के पास दोनों वाहनों में भिड़ंत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा कोहोरा रेंज में हाथिकुली टी एस्टेट के पास हुआ। नागांव की ओर जा रही ट्रैवलर की जोरहाट की तरफ जा रहे एक कंटेनर ट्रक से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैवलर के चालक की भी मौके पर मौत हो गई। जिस कंटेनर ट्रक से वाहन की भिड़ंत हुई, उसका पंजीकरण कर्नाटक का बताया गया है।

टक्कर के बाद सड़क पर जा गिरे यात्री

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि हादसे के वक्त दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैवलर में बैठे कई यात्री उछलकर वाहन से बाहर जा गिरे। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय ट्रैवलर में 35 से अधिक लोग सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग बचाव कार्य में जुट गए।

मौके पर पहुंचे मंत्री अतुल बोरा, राहत कार्यों का लिया जायजा

दुर्घटना की सूचना मिलते ही राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री अतुल बोरा घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने वहां चल रहे राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान ट्रैवलर में फंसे घायल यात्रियों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने का काम किया गया।

काहोरा मॉडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार, गंभीर घायलों को किया गया शिफ्ट

हादसे में घायल यात्रियों को सबसे पहले काहोरा मॉडल अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। जिन घायलों को विशेष चिकित्सा देखभाल की जरूरत थी, उन्हें बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में भेज दिया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों का बोकाखाट, जोरहाट और गोलाघाट में उपचार जारी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.