गौतमबुद्धनगर जिला कारागार का मासिक निरीक्षण, 2271 बंदियों की स्थिति जानी; महिला बैरक में लगाया गया विधिक जागरूकता शिविर
गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ और जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गौतमबुद्धनगर के निर्देश पर बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शिवानी रावत ने जिला कारागार, गौतमबुद्धनगर का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उप जेलर सुरजीत सिंह मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान बताया गया कि वर्तमान में जिला कारागार, गौतमबुद्धनगर में 2271 बंदी निरुद्ध हैं। सचिव ने किशोर बैरकों का निरीक्षण किया और वहां रह रहे किशोरों से उनके मुकदमों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने किशोरों की समस्याओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
लीगल एड सेल का भी किया गया निरीक्षण
जिला कारागार में स्थापित लीगल एड सेल का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही विधिक सहायता से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सचिव ने महिला बैरक का भी निरीक्षण किया। यहां निरुद्ध महिलाओं के लिए विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया, जिसमें उनकी समस्याओं को सुना गया और संबंधित विषयों की जानकारी ली गई।
बंदी पीएलवी के कार्य और अभिलेखों की भी जांच
निरीक्षण के दौरान कारागार में नियुक्त बंदी पीएलवी की ओर से किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई। उनके द्वारा संधारित अभिलेखों का भी अवलोकन किया गया।
सचिव ने कारागार में विधिक सहायता से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण का उद्देश्य बंदियों को उपलब्ध विधिक सहायता और उनकी समस्याओं के समाधान से जुड़ी व्यवस्थाओं की स्थिति की जानकारी लेना रहा।