पंजाब चुनाव 2027: AAP की दूसरी उम्मीदवार सूची पर तेज हुई हलचल, 6 मंत्रियों को मिल सकता है टिकट; दो की सीट बदलने पर भी मंथन

0 21

चंडीगढ़: पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने उम्मीदवारों की दूसरी सूची तैयार करने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी 15 नवंबर के बाद दूसरी सूची जारी करने की तैयारी में है। इसमें छह मंत्रियों के नाम शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, दो मंत्रियों के विधानसभा क्षेत्र बदलने पर भी विचार चल रहा है। दूसरी सूची को लेकर पार्टी के भीतर बैठकों और चर्चाओं का दौर जारी है। बीते छह-सात दिनों में कई विधायक और नेता दीपावली के बहाने दिल्ली का दौरा भी कर चुके हैं।

दूसरी पार्टियों से आए नेताओं पर खास मंथन

पार्टी सूत्रों के मुताबिक, दूसरी सूची में सबसे ज्यादा चर्चा उन नेताओं को लेकर हो रही है, जो दूसरी राजनीतिक पार्टियों को छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। इनमें से कई नेताओं को पार्टी ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में हलका इंचार्ज की जिम्मेदारी दी थी। अब इन्हीं में से कुछ को विधानसभा चुनाव का टिकट देने की तैयारी की जा रही है।

पार्टी का मानना है कि हलका इंचार्ज के रूप में काम कर चुके नेताओं को चुनाव मैदान में उतारने से संगठन को फायदा मिल सकता है। ये नेता लंबे समय से अपने क्षेत्रों में सक्रिय हैं और स्थानीय स्तर पर संगठन को मजबूत करने में जुटे रहे हैं। खास बात यह है कि इनमें कुछ ऐसे विधानसभा क्षेत्र भी शामिल हैं, जहां फिलहाल आम आदमी पार्टी के अपने विधायक हैं, लेकिन मौजूदा विधायकों का टिकट कटने की संभावना जताई जा रही है।

छह मंत्रियों के नाम पर विचार, दो की सीट बदल सकती है

आगामी सूची में छह मंत्रियों को टिकट दिए जाने की संभावना है। इसके साथ ही दो मंत्रियों के विधानसभा क्षेत्र बदलने पर भी विचार किया जा रहा है। पार्टी का मकसद क्षेत्रीय समीकरणों को संतुलित करना बताया जा रहा है।

AAP की पहली उम्मीदवार सूची में शामिल 40 विधायकों में से करीब 25 मालवा क्षेत्र के थे। माना जा रहा है कि दूसरी सूची में भी मालवा को दोआबा और माझा के मुकाबले अधिक प्रतिनिधित्व मिल सकता है। पार्टी क्षेत्रवार समीकरणों को ध्यान में रखकर उम्मीदवारों के नाम तय करने में जुटी है।

15 से 17 नवंबर के बीच PAC की बैठक संभव

पार्टी की राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की बैठक 15 से 17 नवंबर के बीच होने की संभावना है। इसी बैठक में शीर्ष नेतृत्व से विचार-विमर्श के बाद दूसरी सूची को अंतिम रूप दिया जा सकता है। इसके बाद उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की जाएगी।

टिकट का आधार होगा जीतने की क्षमता

पहली सूची में घोषित उम्मीदवारों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। दूसरी सूची जारी होने के बाद पार्टी का पूरा ध्यान चुनावी मैदान में प्रचार और संगठनात्मक गतिविधियों पर केंद्रित होगा।

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि टिकट वितरण में सबसे अहम पैमाना उम्मीदवार की जीतने की क्षमता होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी मौजूदा विधायक या मंत्री को टिकट मिलने की गारंटी नहीं है। जो नेता जनता के बीच सक्रिय नहीं रहे हैं, उनका टिकट कट सकता है। ऐसे में दूसरी सूची में कई मौजूदा चेहरों की जगह नए उम्मीदवारों को मौका मिलने की संभावना भी बनी हुई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.