शादी के 14 दिन बाद पति को छोड़ मायके पहुंची दुल्हन, बोली- प्रेमी को नहीं छोड़ सकती; पति ने पुलिस से की शिकायत

0 22

गाजियाबाद: कौशांबी थाना क्षेत्र में शादी के महज 14 दिन बाद पत्नी के मायके चले जाने का मामला सामने आया है। पति का आरोप है कि शादी के करीब एक सप्ताह बाद पत्नी ने अपने प्रेमी के बारे में बताया और उसके साथ संबंध खत्म करने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद बढ़ गया। पति ने अब पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर पत्नी और उसके परिजनों पर एक लाख रुपये मांगने तथा रकम नहीं देने पर परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

11 जुलाई को हुई थी शादी

वैशाली निवासी अभिनव खंडेलवाल पानी सप्लाई का काम करते हैं। उनकी मां निशा खंडेलवाल ई-रिक्शा चलवाती हैं, जबकि पिता संजय खंडेलवाल निजी नौकरी करते हैं। अभिनव के मुताबिक, मई 2026 में पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने पानीपत निवासी रानी का रिश्ता बताया था। दोनों परिवारों की सहमति के बाद 11 जुलाई को कौशांबी क्षेत्र में शादी हुई।

अभिनव का कहना है कि रानी के परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर थी, इसलिए शादी में किसी तरह का लेन-देन नहीं हुआ। शादी का पूरा खर्च उनके परिवार ने उठाया और करीब चार लाख रुपये खर्च हुए।

शादी के एक सप्ताह बाद प्रेमी की बात सामने आई

अभिनव के अनुसार, शादी के करीब सात दिन बाद उन्होंने पत्नी को मोबाइल फोन पर एक युवक से बात करते देखा। पूछताछ करने पर रानी ने उस युवक को अपना प्रेमी बताया। पति का दावा है कि उसने पत्नी को समझाने की कोशिश की, लेकिन उसने प्रेमी को छोड़ने से इनकार कर दिया।

इसके बाद अभिनव ने अपनी मां और पत्नी के परिवारवालों को इसकी जानकारी दी। आरोप है कि इस दौरान रानी ने अभिनव के माता-पिता के साथ गाली-गलौज की और उन्हें घर से बाहर जाने के लिए कहा। पति का यह भी आरोप है कि पत्नी ने उसके साथ संबंध जारी रखने से इनकार कर दिया।

पहले भी घर से जाने की कोशिश का आरोप

अभिनव के मुताबिक, रानी ने राजस्थान के एक धार्मिक स्थल से भी भागने की कोशिश की थी। बाद में गाजियाबाद स्थित ससुराल लौटने के बाद उसने हाथ की नस काटने और गैस सिलेंडर से आग लगाने की धमकी दी। हंगामा होने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।

अभिनव का आरोप है कि उस दौरान भी रानी ने उसके साथ नहीं रहने और अपने प्रेमी को नहीं छोड़ने की बात कही। इसके बाद 28 जुलाई को वह मायके चली गई। अभिनव ने पत्नी के भाइयों पर उसके साथ मारपीट करने का भी आरोप लगाया है।

ससुराल पक्ष ने एक लाख रुपये मांगने का लगाया आरोप

अभिनव की मां निशा खंडेलवाल ने बताया कि बहू के प्रेम संबंध की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने उसके परिवारवालों को फोन पर इसकी जानकारी दी थी। उनका आरोप है कि इसके बाद उन्हें और परिवार के अन्य सदस्यों को जेल भिजवाने की धमकियां मिलने लगीं।

निशा का कहना है कि बहू पहले हाथ की नस काटने और घर में आग लगाने की धमकी देती थी। अब एक लाख रुपये नहीं देने पर पूरे परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है।

मामला पानीपत पुलिस तक भी पहुंचा

अभिनव ने पूरे मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। यह मामला पानीपत पुलिस के पास भी पहुंचा था, जहां पति-पत्नी दोनों को मध्यस्थता के लिए बुलाया गया था। फिलहाल पति की शिकायत और लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले को लेकर पुलिस स्तर पर कार्रवाई की मांग की गई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.