सालगिरह से एक दिन पहले उठाया खौफनाक कदम! पत्नी संग मथुरा जाने की थी तैयारी, घर में लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को मारी गोली

0 33

बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में शादी की सालगिरह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब 38 वर्षीय युवक ने अपनी सालगिरह से एक दिन पहले कथित तौर पर लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। परिवार के मुताबिक, वह सोमवार शाम पत्नी के साथ सालगिरह मनाने के लिए मथुरा रवाना होने वाला था, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक घटना हो गई।

घर के कमरे में मिला खून से लथपथ

घटना अतर्रा कोतवाली क्षेत्र के नरैनी रोड टेम्पो स्टैंड के पास की है। पुलिस के अनुसार, राजकिशोर के बेटे विकास ने घर के एक कमरे में कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग कमरे में पहुंचे तो वह खून से लथपथ पड़ा मिला।

परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सालगिरह मनाने के लिए पूरी हो चुकी थी तैयारी

परिवार ने बताया कि मंगलवार को विकास की शादी की सालगिरह थी। इस मौके को खास बनाने के लिए सोमवार शाम को पत्नी के साथ मथुरा जाने की पूरी तैयारी कर ली गई थी। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य अपनी दुकान पर थे। घर लौटने पर उन्हें इस दर्दनाक हादसे की जानकारी मिली।

विकास अपने पीछे एक बेटी और एक बेटा छोड़ गया है।

घरेलू अनबन और बीमारी की भी चर्चा

रिश्तेदारों के मुताबिक, विकास और उसकी पत्नी के बीच घरेलू बातों को लेकर कभी-कभी अनबन होती थी, हालांकि कोई बड़ा विवाद नहीं था। उन्होंने यह भी बताया कि विकास किडनी से जुड़ी बीमारी से पीड़ित था और उसका इलाज भी चल चुका था।

परिजनों का मानना है कि संभव है मानसिक तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया हो। हालांकि, उसकी मौत के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस उपाधीक्षक अमरनाथ गुप्ता ने बताया कि 23 नवंबर को सूचना मिली थी कि विकास ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से खुद को गोली मार ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.