‘उत्तराखंड की बेटी न होती तो सैफई में भैंस चरा रहे होते…’, अखिलेश पर योगी का तीखा हमला, घुसपैठिए वाले बयान पर दिया जवाब

0 27

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजनीति में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। अखिलेश यादव के उत्तराखंड के लोगों को कथित तौर पर घुसपैठिया कहने वाले बयान पर पलटवार करते हुए सीएम योगी ने उन पर तीखा हमला बोला। योगी ने कहा कि अगर उत्तराखंड की बेटी न होती तो अखिलेश यादव सैफई में कहीं भैंस चरा रहे होते। उन्होंने सपा प्रमुख की टिप्पणी को संकीर्ण और बांटने वाली सोच का नतीजा बताया।

उत्तराखंड महोत्सव में अखिलेश पर बरसे सीएम योगी

लखनऊ में आयोजित उत्तराखंड महोत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्होंने हाल ही में एक व्यक्ति का बयान सुना, जिसमें उत्तराखंड के निवासियों को घुसपैठिया कहा गया था। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री भी उत्तराखंड से ही थे। योगी ने इसी संदर्भ में अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर उत्तराखंड की बेटी न होती तो वह सैफई में भैंस चरा रहे होते।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों के प्रति इस तरह की टिप्पणी करना छोटी और संकुचित सोच को दिखाता है। उन्होंने गंगा, यमुना और सरयू मइया का जिक्र करते हुए कहा कि ये नदियां भी उत्तराखंड से ही निकलती हैं। इसके अलावा उन्होंने रामगंगा और राप्ती जैसी नदियों का भी उल्लेख किया।

गोविंद बल्लभ पंत और उत्तराखंड के योगदान का किया जिक्र

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री गोविंद बल्लभ पंत का जन्म भी अल्मोड़ा में हुआ था, जो अब उत्तराखंड का हिस्सा है। उन्होंने याद दिलाया कि उत्तराखंड वर्ष 2000 में उत्तर प्रदेश से अलग होकर नया राज्य बना था।

सीएम योगी ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का भी उल्लेख किया और कहा कि उनका जन्म भी इसी पहाड़ी राज्य में हुआ था। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड के लगभग हर परिवार का कोई न कोई सदस्य सशस्त्र बलों में सेवा दे रहा है। गौरतलब है कि अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव का परिवार भी उत्तराखंड के गढ़वाल क्षेत्र से जुड़ा है।

अखिलेश यादव ने योगी को बताया था ‘वैचारिक घुसपैठिया’

दरअसल, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने 24 अक्टूबर को भाजपा पर घुसपैठियों को लेकर मनगढ़ंत आंकड़े पेश करने का आरोप लगाया था। उन्होंने दावा किया था कि उत्तर प्रदेश में भी घुसपैठिए मौजूद हैं। इसी दौरान अखिलेश ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ‘वैचारिक घुसपैठिया’ बताते हुए उन्हें वापस उत्तराखंड भेजने की बात कही थी।

अखिलेश के इसी बयान को लेकर अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जवाब दिया है। दोनों नेताओं के बीच इस मुद्दे पर हुई बयानबाजी ने प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर सियासी माहौल गरमा दिया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.