नेपाल को 24 हजार करोड़ रुपये का पैकेज देगा भारत! PM मोदी ने किया बड़ा ऐलान, नेपाल में बनेगा IIT कैंपस

0 32
नई दिल्ली: भारत ने नेपाल के पुनर्निर्माण और विकास को गति देने के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के आर्थिक सहयोग पैकेज की घोषणा की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अयोध्या धाम और जनकपुर धाम के बीच चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर पीएम मोदी ने आर्थिक पैकेज के साथ नेपाल में आईआईटी का ऑफशोर कैंपस स्थापित करने का भी ऐलान किया। इसके अलावा शिक्षा, तकनीक, कृषि और रोजगार के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की योजनाएं भी सामने रखीं।

अगस्त की बाढ़ के बाद नेपाल के पुनर्निर्माण में करेगा भारत सहयोग

ट्रेन के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता सिर्फ पड़ोस तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अपनेपन और अटूट विश्वास का संबंध है। दोनों देशों की खुशियां और चुनौतियां साझा हैं। भारत और नेपाल एक-दूसरे की प्रगति में सहभागी हैं और मुश्किल समय में एक-दूसरे का सहारा भी बनते हैं।

पीएम मोदी ने अगस्त में नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुई जनहानि पर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास को मजबूती देने के लिए भारत 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज की घोषणा कर रहा है।

नेपाल में बनेगा IIT कैंपस, स्टार्टअप और इनोवेशन को भी मिलेगा बढ़ावा

प्रधानमंत्री मोदी ने नेपाल में शिक्षा और तकनीकी विकास को लेकर भी कई घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि भारत नेपाल में स्टार्टअप इंक्यूबेटर, इनोवेशन हब और आईआईटी का ऑफशोर कैंपस स्थापित करेगा। इसके साथ ही नेपाली विद्यार्थियों के लिए भारत में कानून और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में छात्रवृत्ति के अवसर बढ़ाए जाएंगे।

पीएम मोदी के मुताबिक, भारत नेपाल में फूड प्रोसेसिंग और वैल्यू एडिशन को प्रोत्साहित करने के लिए एग्रो-इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने में भी सहयोग करेगा। इससे कृषि आधारित उद्योगों और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने में मदद मिल सकती है।

राम-सीता की साझा विरासत से जुड़े हैं भारत-नेपाल के रिश्ते

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों देशों के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक संबंधों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के रिश्ते साझा इतिहास, आस्था, संस्कृति और दोनों देशों के लोगों के बीच गहरे जुड़ाव से बने हैं। भगवान श्रीराम और माता सीता दोनों देशों की साझा सभ्यता और आस्था के प्रतीक हैं।

ईंधन और जरूरी सामान की सप्लाई जारी रखने का भी किया जिक्र

पीएम मोदी ने कहा कि भारत लंबे समय से नेपाल को पेट्रोलियम पदार्थों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की विश्वसनीय आपूर्ति करता रहा है। उन्होंने बताया कि ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति के तहत इस साल तेल आपूर्ति से जुड़ी गंभीर चुनौतियों के बावजूद भारत ने नेपाल को ईंधन, उर्वरक और अन्य जरूरी वस्तुओं की सप्लाई जारी रखी।

सरयू-कमला एक्सप्रेस की शुरुआत और विकास सहयोग पैकेज की घोषणा को दोनों देशों के बीच संपर्क, आर्थिक सहयोग, शिक्षा और सांस्कृतिक संबंधों को आगे बढ़ाने की पहल के तौर पर देखा जा रहा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.