नेपाल दूतावास में इंटर्नशिप का मौका, 4 सीटों के लिए 28 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन

0 31

नई दिल्ली: पढ़ाई कर रहे छात्रों और ग्रेजुएट युवाओं के लिए अच्छी खबर है। नई दिल्ली स्थित नेपाली राजदूतावास ने इंटर्नशिप प्रोग्राम 2026 के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इस इंटर्नशिप के जरिए उम्मीदवारों को राजनयिक कामकाज, नीति अनुसंधान और भारत-नेपाल संबंधों से जुड़े विषयों को करीब से समझने का मौका मिलेगा।

यह इंटर्नशिप दो महीने की होगी। चयनित उम्मीदवारों को नई दिल्ली स्थित नेपाली राजदूतावास में काम करना होगा। इंटर्न को आने-जाने और रिफ्रेशमेंट के खर्च के लिए हर महीने एक निश्चित राशि भी दी जाएगी।

कौन कर सकता है आवेदन?

इस इंटर्नशिप के लिए मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से संबंधित विषय में ग्रेजुएशन या पोस्ट ग्रेजुएशन कर रहे छात्र आवेदन कर सकते हैं। जिन उम्मीदवारों की डिग्री पूरी हो चुकी है, वे भी इसके लिए योग्य हैं।

उम्मीदवारों के पास रिसर्च, विश्लेषण, लेखन और संवाद कौशल की अच्छी समझ होनी चाहिए। इसके अलावा कंप्यूटर एप्लीकेशन की जानकारी भी जरूरी है।

भारत-नेपाल संबंधों, विदेश नीति और दूतावास के कामकाज को समझने में रुचि रखने वाले उम्मीदवारों को इस इंटर्नशिप में प्राथमिकता मिल सकती है। अंग्रेजी भाषा पर अच्छी पकड़ जरूरी है, जबकि हिंदी और नेपाली भाषा का ज्ञान अतिरिक्त लाभ देगा।

नवंबर 2026 से शुरू होगी इंटर्नशिप

नेपाली राजदूतावास के इस इंटर्नशिप प्रोग्राम में कुल 4 सीटें उपलब्ध हैं। इसकी शुरुआत नवंबर 2026 से होगी और चयनित उम्मीदवारों को दो महीने तक दूतावास में काम करना होगा।

उम्मीदवारों का चयन उनके शैक्षणिक रिकॉर्ड, कौशल और इंटर्नशिप के लिए उनकी रुचि को देखते हुए किया जाएगा। इसके बाद योग्य उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा।

भारत-नेपाल संबंधों से जुड़े क्षेत्रों में मिलेगा काम सीखने का मौका

इस इंटर्नशिप के दौरान उम्मीदवारों को कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में काम करने का अनुभव मिलेगा। इसमें भारत और नेपाल के आपसी संबंधों, विदेश नीति और दोनों देशों के बीच होने वाली गतिविधियों पर रिसर्च करना शामिल है।

इसके अलावा भारत-नेपाल के बीच व्यापार और निवेश बढ़ाने की संभावनाओं, सीमा पार परिवहन, बिजली, डिजिटल भुगतान और नवीकरणीय ऊर्जा जैसे विषयों पर भी काम करने का अवसर मिलेगा।

इंटर्न को भारत और नेपाल के बीच पर्यटन को बढ़ावा देने से जुड़े कामों को समझने का मौका भी मिलेगा। इसमें भारतीय पर्यटकों की पसंद और पर्यटन विकास के नए तरीकों पर जानकारी जुटाना शामिल है।

ऐसे करें आवेदन

इंटर्नशिप के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को अपना अपडेटेड सीवी या रिज्यूमे तैयार करना होगा। इसके साथ 300 शब्दों में एक स्टेटमेंट देना होगा, जिसमें बताना होगा कि वे यह इंटर्नशिप क्यों करना चाहते हैं और उनकी रुचि किन क्षेत्रों में है।

आवेदन के साथ डिग्री और मार्कशीट की स्कैन कॉपी भी भेजनी होगी। उम्मीदवारों को ईमेल के सब्जेक्ट में Application For Internship- अपना नाम लिखकर आवेदन भेजना होगा।

आवेदन ईमेल के जरिए 28 अक्टूबर 2026 शाम 5 बजे तक भेजा जा सकता है। तय समय के बाद पहुंचने वाले आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.