मुंबई: माझगाव में रविवार रात मोरया गणपति की आगमन शोभायात्रा के दौरान उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब एक इमारत से गणेश प्रतिमा ला रही यात्रा पर अंडे फेंके जाने का आरोप लगा। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और नारेबाजी शुरू हो गई। इसके बाद दो पक्षों के बीच झड़प की स्थिति बनी, जिसके बाद पुलिस ने पहुंचकर हालात को काबू में किया।
इमारत से अंडे फेंके जाने का दावा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, गणपति की आगमन यात्रा के दौरान पंडाल से करीब 30 से 40 मीटर दूर स्थित एक इमारत से अंडे फेंके गए। हालांकि, इस आरोप को लेकर पुलिस की ओर से अभी तक कोई औपचारिक बयान सामने नहीं आया है। घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया और लोग बड़ी संख्या में एकत्र हो गए।
गणपति मंडल के डिप्टी सेक्रेटरी विवेक राणा ने बताया कि यात्रा के दौरान इमारत से अंडे फेंके गए। उन्होंने इस घटना को आपत्तिजनक बताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस कमिश्नर के आदेश पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस
मामले की जानकारी मिलते ही मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी जयंत मीणा मौके पर पहुंचे। पुलिस कमिश्नर के आदेश के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इसके बाद स्थिति शांत हुई और लोग अपने घर लौट गए।
पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि अंडे फेंकने के आरोप में शामिल लोगों की पहचान की जा सके।
भुलेश्वर में गणेश प्रतिमा गिरने से दो लोगों की मौत
इससे पहले मुंबई के भुलेश्वर में शनिवार रात करीब 10 बजे 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा गिरने से बड़ा हादसा हुआ था। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि पांच लोग घायल हुए थे। घायलों में 5 और 7 साल की दो बच्चियां भी शामिल थीं।
गणेश प्रतिमा लालबाग से भुलेश्वर लाई जा रही थी। पंडाल से करीब 50 से 60 मीटर पहले प्रतिमा के पीछे लगा वेल्डिंग सपोर्ट टूट गया, जिसके बाद प्रतिमा गिर गई।
मुंबई में करीब 10,600 सार्वजनिक गणेश मंडल
महाराष्ट्र में इस साल गणेशोत्सव 14 सितंबर से शुरू होगा। मुंबई और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में 10 दिन तक चलने वाला गणेशोत्सव बड़े स्तर पर मनाया जाता है। मुंबई में करीब 10,600 सार्वजनिक गणेश मंडल हैं, हालांकि इनमें से करीब 2,500 मंडलों ने 10 दिन के उत्सव के लिए अनुमति ली है। इस बार पूरे महाराष्ट्र में करीब 28 लाख गणेश प्रतिमाएं स्थापित होने का अनुमान है।