स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में फिर भड़का तनाव, बारूदी सुरंग से टकराकर आग का गोला बना तेल टैंकर; ईरान ने दी अमेरिका-इजरायल को चेतावनी
तेहरान: स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में समुद्री तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार तड़के इस रणनीतिक जलमार्ग के पूर्वी हिस्से में एक और तेल टैंकर में आग लग गई। ईरानी नौसेना के मुताबिक, टैंकर समुद्री बारूदी सुरंग से टकराया था। ईरान ने दावा किया कि जहाज एक असुरक्षित और प्रतिबंधित क्षेत्र से गुजर रहा था और इस दौरान उसने निर्धारित नियमों का उल्लंघन किया।
ईरानी सेना के साथ समन्वय को बताया जरूरी
सिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना बुधवार तड़के उस समय हुई, जब तेल टैंकर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पूर्वी हिस्से में स्थित एक प्रतिबंधित और असुरक्षित समुद्री क्षेत्र से गुजर रहा था। ईरानी नौसेना ने कहा कि उसकी सेनाएं इस क्षेत्र के जलक्षेत्र पर लगातार निगरानी रख रही हैं।
ईरान ने स्पष्ट किया कि इस समुद्री मार्ग से सुरक्षित आवाजाही के लिए ईरानी सशस्त्र बलों के साथ समन्वय करना और तय समुद्री नियमों का पालन करना जरूरी है। नौसेना ने जहाजों को चेतावनी दी कि प्रतिबंधित क्षेत्रों में आवाजाही जोखिम भरी हो सकती है।
अमेरिका और इजरायल को ईरान की सीधी चेतावनी
इस घटना के बीच ईरानी सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ स्टाफ अली अब्दुल्लाही ने अमेरिका और इजरायल को नई गलतियां करने से बचने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि ईरान के इस्लामिक गणराज्य के खिलाफ खतरे का केंद्र बनने वाले किसी भी स्थान को सैन्य कार्रवाई का सीधा निशाना बनाया जाएगा।
ईरानी मीडिया में जारी संदेश में अब्दुल्लाही ने कहा कि देश के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई की ओर से दिए गए किसी भी आदेश का सशस्त्र बल बिना किसी हिचकिचाहट के पालन करेंगे।
एक दिन पहले भी दो तेल टैंकरों में हुए थे विस्फोट
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में मंगलवार को भी दो तेल टैंकरों में बड़े विस्फोट होने और आग लगने की खबर सामने आई थी। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की नौसेना ने दावा किया था कि दोनों जहाज अनधिकृत मार्ग से गुजर रहे थे और उन्होंने अपने नेविगेशन तथा पहचान से जुड़े सभी सिस्टम बंद कर रखे थे।
IRGC के मुताबिक, इसके बाद दोनों टैंकरों में विस्फोट हुए और वे रुक गए। ईरानी नौसेना के बयान में कहा गया था कि एक टैंकर समुद्री बारूदी सुरंग से टकराने के बाद विस्फोट का शिकार हुआ, जबकि दूसरे टैंकर में एक घटना के बाद आग लग गई। ईरान ने दूसरे जहाज को अमेरिकी लड़ाकू विमानों का समर्थन प्राप्त होने का दावा भी किया था।
अनधिकृत समुद्री रास्ते से गुजरने वाले जहाजों को चेतावनी
IRGC की नौसेना ने एक बार फिर कहा है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अनधिकृत रास्ते से गुजरना सुरक्षित नहीं है। ईरान का दावा है कि अमेरिकी सेना के सहयोग से इस मार्ग से गुजरने की कोशिश करने वाले जहाजों को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, 28 फरवरी को ईरान ने इस जलमार्ग पर अपना नियंत्रण और सख्त कर दिया था। अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरानी क्षेत्र पर संयुक्त हमलों के बाद तेहरान ने अमेरिका, इजरायल और उनके सहयोगियों से जुड़े जहाजों की सुरक्षित आवाजाही पर रोक लगा दी थी।
दुनिया की तेल आपूर्ति के लिए अहम है होर्मुज जलडमरूमध्य
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में शामिल है। यहां से बड़ी मात्रा में कच्चे तेल और अन्य ऊर्जा उत्पादों का परिवहन होता है। ऐसे में इस क्षेत्र में सैन्य तनाव या जहाजों की आवाजाही पर प्रतिबंध का असर वैश्विक तेल आपूर्ति और अंतरराष्ट्रीय व्यापार पर पड़ सकता है।
हालांकि, ईरान ने भारत समेत चीन, इराक और कतर के वाणिज्यिक जहाजों को इस मार्ग पर लागू प्रतिबंधों से छूट देने का फैसला किया है। ऐसे में इन चार देशों के जहाजों को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की अनुमति दी गई है।