असम में गुरुवार, 9 अप्रैल को विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग पूरी हो गई। चुनाव आयोग के अनुसार, असम में इस बार 85 प्रतिशत से ज्यादा मतदान दर्ज किया गया है। हालांकि ये प्रारंभिक आंकड़े हैं, फाइनल डेटा आने के बाद यह प्रतिशत और बढ़ सकता है। पिछली बार 2021 के विधानसभा चुनाव में 82.5 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। मतदान संपन्न होते ही असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने पहला बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाला NDA गठबंधन असम में 100 से ज्यादा सीटें जीतने की स्थिति में है।
सीएम हिमंता का बयान
हिमंत विश्व शर्मा ने कहा, “बांग्लादेशी मूल के मुस्लिम समुदाय में मतदान प्रतिशत 95 से 96 प्रतिशत होता है, जबकि बाकी समाज में यह लगभग 75-76 प्रतिशत रहता है। इस बार दोनों समुदायों के बीच कड़ी टक्कर थी। मुझे लगता है कि कुल मतदान प्रतिशत 86-87 प्रतिशत के आसपास रहेगा। पारंपरिक रूप से मतदान में सक्रिय समाजों ने निश्चित रूप से बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, लेकिन जिन समाजों में कम मतदान होता था, उन्होंने भी इस बार उत्साहपूर्वक वोट डाला। चुनाव परिणामों के बारे में अभी से कुछ कहना उचित नहीं है, लेकिन अगर भाजपा नेतृत्व वाला NDA तिहरे अंक तक पहुंच जाए तो आश्चर्य की बात नहीं होगी।”
जनता ने घुसपैठियों के खिलाफ मतदान किया- CM
सीएम हिमंता ने आगे कहा, “मेरे शुरुआती आंकलन के अनुसार हमारे सहयोगी AGP (असम गण परिषद) ने पहले ही दो मुस्लिम बहुल सीटें जीत ली हैं या जीत के कगार पर हैं। भाजपा ने भी एक मुस्लिम बहुल सीट पर कड़ी टक्कर दी है। कुल मिलाकर महिलाओं और युवाओं ने असम की पहचान के लिए मतदान किया है। जनता ने घुसपैठियों के खिलाफ और असम की संस्कृति को संरक्षित करने के लिए अपना वोट डाला है।”
मतदान और चुनाव की जानकारी
असम की सभी 126 विधानसभा सीटों पर 9 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान संपन्न हो गया। चुनाव परिणाम आगामी 4 मई 2026 को घोषित किए जाएंगे। राज्य में बहुमत का आंकड़ा 64 सीटों का है।