उत्तर भारत में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, पहाड़ों पर बर्फबारी-बारिश के आसार; यूपी-बिहार में ठंड और कोहरे का अलर्ट

0 124

नई दिल्ली। देश के मौसम में एक बार फिर बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि आने वाले दिनों में उत्तर भारत समेत कई राज्यों में ठंड बढ़ने वाली है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं, जिसका असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिलेगा। उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से बदलेगा मौसम
आईएमडी के मुताबिक, दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) के असर से 5-6 फरवरी और फिर 9-10 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में मौसम बिगड़ सकता है। इस दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग ने पहाड़ों की यात्रा करने वालों को सतर्क रहने और मौसम को ध्यान में रखकर योजना बनाने की सलाह दी है।

मैदानी इलाकों में बढ़ेगी ठंड
पहााड़ों में हो रहे मौसम परिवर्तन का असर मैदानी राज्यों में भी दिखेगा। उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों के दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। मध्य भारत में भी अगले 24 घंटों के भीतर तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक गिरने के आसार हैं, हालांकि इसके बाद तापमान में बड़े बदलाव की संभावना कम है।

पूर्वी और पश्चिमी भारत में भी गिर सकता है पारा
पूर्वी भारत के राज्यों में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है। गुजरात में अगले तीन दिनों तक तापमान लगभग स्थिर रहने की संभावना है, लेकिन उसके बाद इसमें 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं महाराष्ट्र में भी अगले 48 घंटों के भीतर तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक कम होने का अनुमान है।

यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में कोहरे का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने गुरुवार को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और मेघालय के कुछ हिस्सों में कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। इन क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार को भी उत्तर प्रदेश और मेघालय में कोहरे को लेकर चेतावनी जारी रहेगी।

दिल्ली में हल्का कोहरा, तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव
दिल्ली के मौसम की बात करें तो आईएमडी ने राजधानी में न्यूनतम तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। सुबह के समय हल्का कोहरा छाने की संभावना बनी हुई है। सफदरजंग में अधिकतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पालम, लोधी रोड, रिज और आयानगर समेत अन्य इलाकों में भी तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। बीते 24 घंटों में दिल्ली के किसी भी मौसम केंद्र पर बारिश दर्ज नहीं की गई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.