गोरखपुर से योगी करेंगे BJP की जन चौपाल का आगाज, 15 हजार कार्यकर्ताओं से संवाद; यूपी को मिलेगा पहला वानिकी विश्वविद्यालय

0 57

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गोरखपुर से भाजपा के जन चौपाल अभियान की शुरुआत करेंगे। प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर प्रस्तावित इस कार्यक्रम का पहला आयोजन शहर विधानसभा क्षेत्र में होगा। कचहरी स्थित टाउन हॉल में दोपहर 3 बजे होने वाली जन चौपाल में मुख्यमंत्री 15 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं और लोगों से संवाद करेंगे। इसके साथ ही योगी आदित्यनाथ कैंपियरगंज के भारीवैसी में प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखेंगे।

भाजपा इस अभियान के जरिए सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल बनाने की कोशिश कर रही है। गोरखपुर में कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने दिनभर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। महानगर अध्यक्ष रमेश गुप्ता भी तैयारियों में जुटे रहे। महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और नगर आयुक्त अजय जैन ने टाउन हॉल पहुंचकर व्यवस्था देखी।

जन चौपाल में 892 बूथ अध्यक्षों की रहेगी मौजूदगी

भाजपा महानगर अध्यक्ष रमेश गुप्ता के मुताबिक, कार्यक्रम में महानगर के 10 मंडलों के पदाधिकारी, पार्षद, व्यापारी, अधिवक्ता और प्रबुद्ध वर्ग के लोग शामिल होंगे। महानगर के 143 शक्ति केंद्रों के कार्यकर्ताओं की सहभागिता भी रहेगी।

जन चौपाल में 892 बूथ अध्यक्षों और बीएलए-2 के साथ बूथ समितियों के 8,920 कार्यकर्ताओं की मौजूदगी प्रस्तावित है। इसके अलावा भाजपा और समर्थित 62 पार्षद भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

गोरखपुर में पहले कार्यक्रम के बाद बाकी 142 शक्ति केंद्रों पर भी जन चौपाल आयोजित की जाएगी। इनमें सांसद, विधायक और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। भाजपा ने 10 दिनों के भीतर सभी शक्ति केंद्रों पर कार्यक्रम पूरा करने का लक्ष्य रखा है।

व्यापारियों से संपर्क कर दिया गया निमंत्रण

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर भाजपा महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ गोलघर क्षेत्र में व्यापारियों से संपर्क किया। उन्होंने व्यापारियों को गुरुवार दोपहर 3 बजे कचहरी स्थित टाउन हॉल मैदान में होने वाली जन चौपाल में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

792 करोड़ रुपये की 55 परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दौरे के दौरान 792 करोड़ रुपये से अधिक की 55 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। इनमें 491 करोड़ रुपये की लागत वाला वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय भी शामिल है।

कार्यक्रम के दौरान 621.05 करोड़ रुपये की 16 परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा, जबकि 171.13 करोड़ रुपये की 39 परियोजनाओं का लोकार्पण होगा।

भारीवैसी में बनेगा प्रदेश का पहला वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय

गोरखपुर के कैंपियरगंज तहसील स्थित भारीवैसी में बनने वाला यह विश्वविद्यालय प्रदेश का पहला और देश का दूसरा वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय होगा। करीब 50 हेक्टेयर क्षेत्र में इसके निर्माण पर 491 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मुख्यमंत्री गुरुवार को इसकी आधारशिला रखेंगे।

इससे पहले गोरखपुर में महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय की स्थापना हो चुकी है। नए विश्वविद्यालय के बनने के बाद गोरखपुर में कुल पांच विश्वविद्यालय हो जाएंगे। इनमें दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय, मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय और महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय शामिल हैं।

जिलाधिकारी दीपक मीणा के मुताबिक, भारीवैसी में प्रस्तावित विश्वविद्यालय का निर्माण आधुनिक मानकों के अनुरूप कराया जाएगा। डीएफओ शुभम सिंह ने बताया कि यहां वानिकी एवं औद्यानिकी, वन्यजीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, एग्रोफॉरेस्ट्री, फल और बागवानी जैसे विषयों में स्नातक स्तर के पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.