ग्रेटर नोएडा में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी, लुलु-रिलायंस और ब्लिंकिट समेत कई प्रतिष्ठानों से लिए 11 सैंपल
ग्रेटर नोएडा: गौतमबुद्धनगर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर गुरुवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के 11 नमूने जांच के लिए एकत्र किए। इस कार्रवाई में लुलु हाइपरमार्केट, रिलायंस रिटेल, ब्लिंकिट और रबरीज स्वीट्स समेत कई प्रतिष्ठान शामिल रहे।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने ग्रेटर नोएडा स्थित आईथेम मॉल के लुलु हाइपरमार्केट से नूडल्स के चार नमूने लिए। वहीं, नोएडा के सेक्टर-93 स्थित गेझा में रिलायंस रिटेल लिमिटेड से नूडल्स का एक नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया।
ब्लिंकिट और मिठाई की दुकान से भी लिए गए सैंपल
दनकौर स्थित ब्लिंकिट स्टोर से नूडल्स के तीन नमूने लिए गए। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा के परी चौक स्थित रबरीज स्वीट्स से गुलाब रसगुल्ले का एक नमूना संग्रहित किया गया।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के केवी प्लाजा स्थित चौपाल रेस्टोरेंट से तैयार नूडल्स और रेड चिली गार्लिक सॉस के एक-एक नमूने लिए गए। इस तरह विभाग की अलग-अलग टीमों ने कुल 11 नमूने जांच के लिए एकत्र किए।
खाद्य कारोबारियों को खरीद बिल रखने की हिदायत
कार्रवाई के दौरान सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि खाद्य सामग्री केवल लाइसेंसधारी या पंजीकृत आपूर्तिकर्ताओं से ही खरीदी जाए। खरीद का बिल सुरक्षित रखना भी जरूरी है।
इसके अलावा खाद्य सामग्री लेते और बेचते समय उसकी निर्माण तिथि, बैच नंबर सहित अन्य जरूरी जानकारियों की जांच करने की हिदायत दी गई।
आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर आगे भी इसी तरह जांच अभियान चलाया जाएगा। विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी। विभाग का उद्देश्य जिले के लोगों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध और सुरक्षित खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराना है।