गोरखपुर हादसे पर योगी का सख्त रुख, बोले- ऐसी कार्रवाई होगी कि पीढ़ियां याद रखेंगी, आज पीड़ित परिवार से करेंगे मुलाकात
गोरखपुर: समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान 12 वर्षीय बच्चे की मौत के मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना को लेकर सपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी गुंडागर्दी और अराजकता का पर्याय है तथा माफिया और गुंडे उसके अपने हैं। मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि वह आज शाम पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे। साथ ही हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की जाएगी, जिसे उनकी पीढ़ियां याद रखेंगी।
योगी आदित्यनाथ ने सवाल उठाया कि 12-13 साल के मासूम बच्चे की आखिर क्या गलती थी? उन्होंने कहा कि बच्चा पढ़ने आया था, लेकिन रोड शो के दौरान फैली अराजकता के कारण उसकी जान चली गई। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिया कि सड़कों पर अव्यवस्था फैलाने वाले लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सड़कें अराजकता फैलाने के लिए नहीं बनाई गई हैं।
सपा शासनकाल को लेकर भी लगाए गंभीर आरोप
मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के शासनकाल पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में वन माफिया और खनन माफिया सक्रिय थे। उन्होंने कहा कि सपा गुंडागर्दी और दंगों की पर्याय रही है। पार्टी ने जनता को धोखा देने के साथ उसका शोषण भी किया।
योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश में गुंडागर्दी पर लगाम लगाई थी और अब ऐसे तत्वों के खिलाफ फिर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गोरखपुर की घटना के बाद माफिया को संरक्षण देने वाले लोग चुप्पी साधे हुए हैं। उनकी ओर से संवेदना का एक शब्द तक नहीं आया है।
अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव को सीधे चुनौती देते हुए कहा, ‘चलो नामांकन कर लो अयोध्या से, आमने-सामने कर ही लिया जाए।’ उन्होंने कहा कि सामने से मुकाबला करने की हिम्मत नहीं है और कमजोर व्यक्ति सामने से नहीं, बल्कि पीछे से वार करते हैं।
इस दौरान योगी ने भगवान राम के नाम का जिक्र करते हुए विपक्ष पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि भक्तों को राम अच्छे दिनों में याद आते हैं, जबकि दुर्जनों के अंतिम समय में भी उनके मुंह से राम का नाम निकलता है। इसके लिए उन्होंने मारीच का उदाहरण दिया।
हैदराबाद के मौलाना और विपक्ष पर भी निशाना
मुख्यमंत्री ने हैदराबाद से आए एक मौलाना का जिक्र करते हुए कहा कि इन दिनों हैदराबाद के मौलाना मचल रहे हैं और ये सब उन्हीं के लोग हैं। उन्होंने कहा, ‘हैदराबाद को भाग्यलक्ष्मी पुरम की सौगात दे देंगे।’
योगी ने विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि कुछ लोग अराजकता फैलाकर जबरन जनता का वोट हासिल करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को उत्तर प्रदेश की जनता बार-बार खारिज कर रही है।
अखिलेश के रोड शो में कैसे हुई 12 साल के आर्यवर्धन की मौत?
बुधवार को अखिलेश यादव ने गोरखपुर में करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो किया था। इसी दौरान कूड़ाघाट इलाके में रोड शो में शामिल जेसीबी की चपेट में आने से 12 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई। वह चौरीचौरा क्षेत्र के राजधानी गांव का रहने वाला था। उसके पिता ओंकार सिंह स्थानीय भाजपा नेता बताए गए हैं।
परिजनों का आरोप है कि रोड शो के दौरान जिस जेसीबी से फूल बरसाए जा रहे थे, उसी की टक्कर से बच्चे की जान गई। हादसे के बाद परिवार के सदस्यों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर प्रदर्शन किया था। अधिकारियों के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
वहीं, अखिलेश यादव ने घटना पर कहा था कि उन्हें हादसे की जानकारी नहीं है। उन्होंने यह भी कहा था कि रोड शो के लिए प्रशासन की ओर से पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे। दूसरी तरफ, पुलिस ने जेसीबी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में पांच सपा नेताओं समेत कुल 66 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।