झारखंड बजट सत्र से पहले सर्वदलीय बैठक आज, 18 फरवरी से शुरू होगी कार्यवाही; पहली बार पूरी तरह डिजिटल रहेगा सदन

0 28

रांची में झारखंड विधानसभा का बजट सत्र 18 फरवरी से शुरू होकर 19 मार्च तक चलेगा। सत्र से एक दिन पहले 17 फरवरी को दोपहर एक बजे विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो के कक्ष में सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है। इसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित विभिन्न दलों के विधायक दल नेता शामिल होंगे। बैठक से पहले अध्यक्ष राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सत्र की तैयारियों और विधि-व्यवस्था की समीक्षा करेंगे।

राज्यपाल के अभिभाषण से होगी शुरुआत
सत्र का औपचारिक आरंभ 18 फरवरी को राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार के अभिभाषण से होगा। पहले दिन शोक प्रस्ताव भी लिया जाएगा। 19 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पेश होगा, जिस पर चर्चा के बाद सरकार जवाब देगी।

24 फरवरी को पेश होगा 2026-27 का बजट
20 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2025-26 की तृतीय अनुपूरक व्यय विवरणी सदन में रखी जाएगी, जबकि 23 फरवरी को उस पर चर्चा होगी। 24 फरवरी को वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश करेंगे और 25 फरवरी को बजट पर सामान्य चर्चा होगी। तय कार्यक्रम के अनुसार 19 मार्च को गैर सरकारी संकल्प के साथ सत्र का समापन होगा।

पहली बार डिजिटल और पेपरलेस होगी कार्यवाही
इस बार सत्र की खास बात यह है कि सदन की कार्यवाही नेशनल ई-विधान एप्लीकेशन के जरिए पूरी तरह डिजिटल और पेपरलेस होगी। विधायकों को टैबलेट उपलब्ध कराए गए हैं, जिनके माध्यम से प्रश्नोत्तर, कार्यसूची और अन्य दस्तावेज साझा किए जाएंगे। इससे कागज की खपत घटेगी और कार्यवाही अधिक पारदर्शी व सुव्यवस्थित होगी।

सरकार बनाम विपक्ष—रणनीतियां तैयार
सरकार बजट में अपनी योजनाओं—अबुआ आवास, मंइयां सम्मान योजना और सर्वजन पेंशन—को प्रमुख उपलब्धि के तौर पर पेश करने की तैयारी में है। वहीं भारतीय जनता पार्टी और आजसू पार्टी कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, स्थानीय नीति और विकास कार्यों की रफ्तार जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति बना रहे हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.