ध्रुव राठी को सुबह-सुबह पुलिस ने लिया हिरासत में, जंतर-मंतर पहुंचने से पहले गुरुग्राम में बड़ा एक्शन

0 23

गुरुग्राम: यूट्यूबर ध्रुव राठी को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। यह कार्रवाई उस समय की गई, जब वह दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में शामिल होने के लिए निकलने वाले थे। दिल्ली पुलिस की टीम शनिवार सुबह उनके गुरुग्राम स्थित आवास पर पहुंची और उन्हें डिटेन कर लिया।

बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस के करीब 50 जवान शुक्रवार देर रात से ही ध्रुव राठी के घर के बाहर तैनात थे। इनमें कई पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में मौजूद थे। सुबह पुलिस टीम ने उनके घर पहुंचकर कार्रवाई की और उन्हें हिरासत में ले लिया।

सुबह 7:48 बजे घर पहुंची पुलिस टीम

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की टीम सुबह करीब 7:48 बजे ध्रुव राठी के घर में दाखिल हुई। ध्रुव राठी की मां ने दरवाजा खोला, जिसके बाद पुलिसकर्मी घर के अंदर पहुंचे और उन्हें हिरासत में ले लिया।

ध्रुव राठी को गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित उनके घर से डिटेन किया गया है। उनका परिवार गुरुग्राम के सेक्टर-56 सेंट्रल पार्क विहार में रहता है।

जंतर-मंतर प्रदर्शन में शामिल होने वाले थे ध्रुव राठी

ध्रुव राठी शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर होने वाले कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में हिस्सा लेने वाले थे। इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए वह कुछ दिन पहले ही जर्मनी से भारत आए थे।

इससे पहले 8 अक्टूबर को ध्रुव राठी बेंगलुरु पहुंचे थे। यहां उन्होंने फ्रीडम पार्क में आयोजित कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में हिस्सा लिया था। इस कार्यक्रम में अभिनेता प्रकाश राज भी मौजूद थे, जिन्होंने ध्रुव राठी को सरप्राइज गेस्ट बताया था।

जर्मनी के बर्लिन में रहते हैं ध्रुव राठी

बता दें कि ध्रुव राठी वर्तमान में जर्मनी के बर्लिन शहर में रहते हैं। हालांकि, उनके परिवार का ठिकाना गुरुग्राम में है। जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.