नेपाल में 5.3 तीव्रता का भूकंप, बिहार से बंगाल तक कांपी धरती; दहशत में घरों से बाहर निकले लोग

0 13

नई दिल्ली: नेपाल में मंगलवार सुबह आए भूकंप के तेज झटकों का असर भारत के कई राज्यों में महसूस किया गया। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.3 दर्ज की गई। झटके बिहार के कई जिलों से लेकर पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्सों तक महसूस किए गए। भूकंप के बाद कई जगहों पर लोग एहतियात के तौर पर अपने घरों से बाहर निकल आए।

नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार भूकंप भारतीय समयानुसार सुबह 7 बजकर 2 मिनट पर आया। भूकंप का केंद्र नेपाल के कोशी प्रांत में बताया गया है, जबकि इसकी गहराई करीब 20 किलोमीटर थी। हालांकि अभी तक नेपाल या भारत के किसी भी प्रभावित क्षेत्र से बड़े नुकसान या जनहानि की सूचना सामने नहीं आई है।

नेपाल के अलावा बिहार के समस्तीपुर, मधुबनी, दरभंगा, वैशाली, पटना, पूर्णिया, अररिया और सुपौल समेत कई जिलों में लोगों ने कुछ सेकंड तक भूकंप के झटके महसूस किए। झटके महसूस होते ही कई लोग डर के कारण अपने घरों से बाहर निकल आए।

दार्जिलिंग और उत्तरी बंगाल में भी महसूस हुए झटके

भूकंप के झटके पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्सों में भी महसूस किए गए। दार्जिलिंग में सुबह करीब 7:02 बजे आए झटकों के बाद लोग घबरा गए और कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ रिपोर्ट्स में भूकंप का केंद्र भूटान के आसपास भी बताया गया, हालांकि आधिकारिक पुष्टि नेपाल केंद्र के रूप में की गई है।

उत्तरी बंगाल के जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार, कूचबिहार और उत्तर दिनाजपुर समेत कई इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। इस दौरान ऊंची इमारतों, मकानों और बिजली के खंभों में कंपन महसूस होने की बात सामने आई।

कोहरे के बीच अचानक आए झटकों से मची हलचल

डुआर्स क्षेत्र समेत उत्तरी बंगाल के कई इलाके मंगलवार सुबह घने कोहरे की चपेट में थे। इसी दौरान भूकंप के झटके आने से लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सुबह की सैर और व्यायाम के लिए निकले लोग भी अचानक महसूस हुए कंपन से हैरान रह गए।

लोगों ने बताया कि झटके कुछ सेकंड तक महसूस हुए, जिसके बाद कई परिवार सुरक्षा के लिहाज से खुले स्थानों पर चले गए।

नुकसान की जानकारी का इंतजार

फिलहाल भूकंप के कारण किसी तरह के बड़े नुकसान या किसी के हताहत होने की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी जा रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.