हरिद्वार में कार्तिक पूर्णिमा स्नान के लिए उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर गंगे के जयकारों से गूंजे घाट

0 11

हरिद्वार: कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। हरकी पैड़ी समेत गंगा के विभिन्न घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हजारों लोगों ने गंगा में पवित्र स्नान कर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की।

हरकी पैड़ी पर हर-हर गंगे के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद लोगों ने विधि-विधान से पूजा की। वहीं नारायणी शिला समेत कई घाटों पर श्रद्धालुओं ने अपने पितरों के निमित्त तर्पण और धार्मिक अनुष्ठान भी किए।

देव दीपावली पर दीपों से जगमग हुए गंगा घाट

देव दीपावली की पूर्व संध्या पर सोमवार शाम हरिद्वार के गंगा घाटों पर भव्य दृश्य देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलित कर मां गंगा की आराधना की। गंगा की बहती धारा के बीच दीपों की रोशनी ने घाटों की खूबसूरती को और बढ़ा दिया।

हरकी पैड़ी समेत अन्य घाटों पर श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठानों में हिस्सा लिया और दीपदान कर भगवान से सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।

प्रशासन ने किए सुरक्षा के विशेष इंतजाम

कार्तिक पूर्णिमा स्नान को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से घाटों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

हरिद्वार में देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान को पुण्यदायी बताते हुए अपनी आस्था व्यक्त की। पूरे क्षेत्र में सुबह से ही धार्मिक माहौल बना रहा और घाटों पर भक्ति का रंग दिखाई दिया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.