नोएडा में बढ़ेगी इलेक्ट्रिक वाहनों की रफ्तार, 48 नए EV चार्जिंग स्टेशन लगाने की तैयारी, कुल संख्या होगी 78

0 37

नोएडा: उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रिक वाहन नीति-2022 के तहत नोएडा शहर में हरित परिवहन को बढ़ावा देने और प्रदूषण नियंत्रण के उद्देश्य से इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग नेटवर्क को विस्तार दिया जा रहा है। इसी क्रम में नोएडा प्राधिकरण और आईटीआई लिमिटेड के बीच 12 अक्टूबर 2026 को समझौता ज्ञापन (MoU) किया गया है। इसके तहत शहर के अलग-अलग स्थानों पर 48 नए इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।

इससे पहले 24 सितंबर 2026 को यूपी रिन्यूएबल एंड ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड (UPREV) के साथ 30 स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए समझौता किया गया था। दोनों समझौतों के बाद नोएडा शहर में इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशनों की कुल संख्या 78 हो जाएगी।

नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने शहर में कुल 100 इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। भविष्य में जरूरत के अनुसार अतिरिक्त चार्जिंग स्टेशन भी लगाए जाने की योजना है।

10 साल के लिए हुआ समझौता, ITI लिमिटेड करेगा पूरा खर्च

नोएडा प्राधिकरण और आईटीआई लिमिटेड के बीच हुआ समझौता 10 वर्ष के लिए किया गया है। भविष्य में इसकी अवधि बढ़ाई जा सकती है।

चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने का पूरा खर्च आईटीआई लिमिटेड द्वारा वहन किया जाएगा, जबकि नोएडा प्राधिकरण की ओर से केवल स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए प्राधिकरण की ओर से किसी तरह की वित्तीय सहायता नहीं दी जाएगी।

प्रत्येक स्थान पर कम से कम दो चार्जर लगाए जाएंगे। इन चार्जिंग प्वाइंट पर एक साथ दो कार और एक दोपहिया वाहन को चार्ज किया जा सकेगा।

चार्जिंग से होने वाली आय में नोएडा प्राधिकरण को मिलेगा हिस्सा

इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग के लिए इस्तेमाल होने वाली बिजली के बदले नोएडा प्राधिकरण को राजस्व साझेदारी के आधार पर आय प्राप्त होगी। इसके तहत प्रति किलोवाट घंटा एक रुपये की दर से राजस्व मिलेगा।

प्राधिकरण का उद्देश्य इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देना और शहर में प्रदूषण को कम करना है। चार्जिंग स्टेशन नेटवर्क बढ़ने से लोगों को ईवी इस्तेमाल करने में सुविधा मिलेगी।

इन प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएंगे चार्जिंग स्टेशन

नोएडा के विभिन्न सेक्टरों, मेट्रो स्टेशनों, पार्किंग क्षेत्रों, पेट्रोल पंपों और व्यावसायिक इलाकों में नए चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे। इनमें एमिटी यूनिवर्सिटी के पास, नोएडा स्टेडियम पार्किंग, सेक्टर-2 फायर स्टेशन, सेक्टर-16ए फिल्म सिटी, सेक्टर-16 और सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-30 एनएमसी अस्पताल के पास, सेक्टर-61 शॉप्रिक्स मॉल, सेक्टर-32 लॉजिक्स मॉल समेत कई प्रमुख स्थान शामिल हैं।

इसके अलावा सेक्टर-50 सेंट्रल मार्केट, सेक्टर-51 मार्केट, सेक्टर-54 एचसीएल टेक के सामने, सेक्टर-142 मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-147 मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-150, सेक्टर-143ए डीएलएफ टेक पार्क, सेक्टर-129 साया स्टेटस मॉल, सेक्टर-132 इंफोसिस कैंपस और अन्य कई क्षेत्रों में भी चार्जिंग स्टेशन लगाए जाएंगे।

नोएडा प्राधिकरण की इस पहल से शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा तैयार होगा और ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा मिलेगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.