मतदाता सूची से गलती से नाम कटने पर तुरंत भरवाएं फॉर्म-6, गौतमबुद्धनगर में पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी के सख्त निर्देश

0 13

गौतमबुद्धनगर: उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 (SSR) के तहत गौतमबुद्धनगर में चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने नोएडा के सेक्टर-104 स्थित क्लब हाउस एटीएस-1 हैमलेट और सेक्टर-37 स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल के मतदान केंद्रों का दौरा कर बीएलओ, मतदाताओं तथा आरडब्ल्यूए और एओए पदाधिकारियों से संवाद किया। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने 61-नोएडा विधानसभा क्षेत्र के क्लब हाउस, एटीएस-1 हैमलेट, सेक्टर-104 स्थित बूथ संख्या 771 और 772 तथा आर्मी पब्लिक स्कूल, सेक्टर-37 के बूथ संख्या 397 से 402 तक पहुंचकर बीएलओ की उपस्थिति, पंजीकरण कार्य और उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रगति के संबंध में जानकारी ली और स्थानीय नागरिकों से उनके अनुभव भी साझा करने को कहा। नागरिकों से प्राप्त प्रतिक्रियाएं संतोषजनक रहीं।

ASD सूची में शामिल प्रत्येक मतदाता का दोबारा सत्यापन करने के निर्देश

स्थलीय निरीक्षण के बाद कलेक्ट्रेट सभागार में देर रात आयोजित समीक्षा बैठक में 17 नवंबर से अब तक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत किए गए कार्यों, फॉर्म-6 सहित अन्य प्रपत्रों की स्थिति और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए पूरी गंभीरता और जवाबदेही के साथ काम किया जाए।

उन्होंने ASD (Absentee, Shifted, Dead एवं Duplicate) सूची में शामिल मतदाताओं के दोबारा सत्यापन पर विशेष जोर दिया। कहा कि किसी मतदाता को उचित स्थलीय सत्यापन और घर-घर जाकर वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त किए बिना अनुपस्थित या स्थानांतरित श्रेणी में चिह्नित नहीं किया जाना चाहिए। निर्वाचन कार्यों में लापरवाही स्वीकार नहीं होगी और प्रत्येक बीएलओ की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि 04 जनवरी के बाद किसी ऐसे व्यक्ति के नाम कटने की शिकायत नहीं आनी चाहिए, जिसका नाम एसआईआर शुरू होने से पहले मतदाता सूची में दर्ज था, लेकिन बीएलओ की गलती या अन्य त्रुटि के कारण अब सूची में उपलब्ध नहीं है। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी को अन्य अधिकारियों को भी मतदान केंद्र आवंटित कर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए गए।

आवंटित बूथों के अधिकारी ASD सूची में शामिल प्रत्येक मतदाता का सत्यापन करेंगे। यदि किसी पात्र मतदाता का नाम गलती से सूची से हट गया है, तो तत्काल फॉर्म-6 भरवाकर नाम दोबारा शामिल कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी।

73 लाख युवा मतदाताओं के पंजीकरण की संभावना, युवाओं और महिलाओं पर विशेष जोर

नवदीप रिणवा ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 का प्रमुख उद्देश्य 18-19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं और पहली बार मतदाता बनने वाले नागरिकों का अधिक से अधिक पंजीकरण सुनिश्चित करना है। प्रदेश में लगभग 73 लाख युवा मतदाताओं के पंजीकरण की संभावना जताई गई है। गौतमबुद्धनगर में भी बड़ी संख्या में ऐसे युवा हो सकते हैं, जिनका नाम अभी मतदाता सूची में दर्ज नहीं है।

उन्होंने जनपद की अनुमानित जनसंख्या और मतदाता सूची में दर्ज मतदाताओं की संख्या के बीच अंतर को ध्यान में रखते हुए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। महिला मतदाताओं के पंजीकरण को भी प्राथमिकता देने को कहा गया। इसके लिए जिला युवा कल्याण अधिकारी, जिला महिला कल्याण अधिकारी और संबंधित विभागों को विशेष जिम्मेदारी सौंपने के निर्देश दिए गए। विभागीय समन्वय के जरिए कैंप, जागरूकता कार्यक्रम और अन्य माध्यमों से पात्र महिलाओं और युवाओं तक पहुंच बनाने पर जोर दिया गया।

दिव्यांग मतदाताओं और वरिष्ठ नागरिकों को मिले मतदान की सुविधा

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दिव्यांग मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने और उनकी सहमति से निर्वाचन डेटाबेस में दिव्यांगता की फ्लैगिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया स्वैच्छिक होगी और किसी मतदाता की इच्छा के विरुद्ध नहीं की जाएगी।

उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से दिव्यांग मतदाताओं को मतदान के दौरान विभिन्न सुविधाएं दी जाती हैं। ECINET ऐप के माध्यम से मतदाता मतदान दिवस पर व्हीलचेयर या अपनी जरूरत के अनुसार अन्य सुविधाओं के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी से अनुरोध कर सकते हैं।

इसके अलावा 40 प्रतिशत या उससे अधिक बेंचमार्क दिव्यांगता वाले पात्र मतदाता निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-8 के माध्यम से दिव्यांगता प्रमाणपत्र अपलोड कर होम वोटिंग सुविधा के लिए पात्र हो सकते हैं। ऐसे मतदाताओं से प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म-12D प्राप्त कर निर्वाचन की घोषणा के बाद निर्धारित समयावधि में निर्वाचन टीमें उनके घर पहुंचकर मतदान की सुविधा उपलब्ध कराती हैं।

उन्होंने 85 वर्ष या उससे अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों का भी विशेष सत्यापन करने को कहा, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कितने मतदाता शारीरिक असमर्थता के कारण मतदान केंद्र तक नहीं पहुंच सकते। ऐसे पात्र वरिष्ठ नागरिकों को भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत फॉर्म-12D के माध्यम से होम वोटिंग की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। थर्ड जेंडर समुदाय और अन्य वंचित वर्गों के पात्र नागरिकों का शत-प्रतिशत पंजीकरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

मतदाता सूची की त्रुटियों को दूर करने और आवेदनों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूची में एक ही व्यक्ति के नाम की कई प्रविष्टियां, नाम और लिंग संबंधी गलतियां, आयु में विसंगतियां तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं होने वाली तस्वीरों जैसी त्रुटियों को व्यवस्थित रूप से चिन्हित कर दूर करने के निर्देश दिए। इसके लिए टेबल-टॉप एक्सरसाइज के माध्यम से सूची का परीक्षण कर आवश्यक सुधार करने को कहा गया।

उन्होंने ऑनलाइन प्राप्त फॉर्म-6 सहित सभी आवेदनों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। आवेदन की जांच, संबंधित बूथ पर सत्यापन और पात्रता के आधार पर निर्णय लेने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। बीएलओ के कार्यों की नियमित निगरानी और समीक्षा भी सुनिश्चित करने को कहा गया।

प्रदेश में 32वें-33वें स्थान पर गौतमबुद्धनगर की रैंकिंग, दिसंबर में बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रति मतदान केंद्र प्राप्त फॉर्म-6 के आधार पर गौतमबुद्धनगर की वर्तमान रैंकिंग प्रदेश में लगभग 32वें-33वें स्थान पर है। इसमें सुधार के लिए अधिकारियों को अतिरिक्त प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि पहले की तुलना में जनपद में निर्वाचन संबंधी कार्यों में सुधार हुआ है, जो संतोषजनक है, लेकिन निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए अभी और प्रतिबद्धता के साथ काम करना होगा।

उन्होंने एक सप्ताह बाद दोबारा समीक्षा बैठक आयोजित कर प्रगति का आकलन करने के निर्देश दिए। साथ ही विश्वास जताया कि अधिकारी आपसी समन्वय, टीम भावना और जिम्मेदारी के साथ काम करते हुए दिसंबर माह में गौतमबुद्धनगर को प्रदेश के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जनपदों में शामिल कराने में सफल होंगे।

बैठक में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मेधा रूपम, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, एसीईओ नोएडा पुष्पराज सिंह, एसीईओ ग्रेटर नोएडा प्रेरणा सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका, अपर जिलाधिकारी भूमि एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह सहित सभी एआरओ और एईआरओ उपस्थित रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.