महाशिवरात्रि पर अनुष्ठानों के बीच सीएम योगी का जनता दर्शन, 150 लोगों की सुनी फरियाद; बोले—हर समस्या का होगा समाधान

0 21

गोरखपुर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भी उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसेवा की परंपरा जारी रखते हुए गोरखनाथ मंदिर में लगातार दूसरे दिन जनता दर्शन आयोजित किया। आनुष्ठानिक व्यस्तताओं के बावजूद उन्होंने लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि किसी भी पीड़ित को परेशान होने की जरूरत नहीं है और सभी की पूरी मदद की जाएगी।

गोरखनाथ मंदिर परिसर में सीधे जनता से संवाद
रविवार सुबह मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करीब 150 लोगों से मुलाकात की। कुर्सियों पर बैठे फरियादियों के पास स्वयं जाकर उन्होंने एक-एक की समस्या सुनी और प्रार्थना पत्र अधिकारियों को सौंपते हुए कहा कि हर शिकायत का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जमीन कब्जे की शिकायतों पर सख्ती के निर्देश
जनता दर्शन के दौरान जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायतें सामने आने पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई दबंग या माफिया किसी की जमीन जबरन कब्जा करता है तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। जहां पैमाइश जरूरी हो वहां तुरंत नापजोख कर विवाद का समाधान कराया जाए। पारिवारिक विवादों के मामलों में दोनों पक्षों से संवाद स्थापित कर समाधान निकालने को कहा गया।

इलाज में आर्थिक मदद का भरोसा
कुछ फरियादी इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि धन की कमी इलाज में बाधा नहीं बनेगी। उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल के इस्टीमेट की प्रक्रिया तेजी से पूरी कर शासन को भेजने के निर्देश दिए ताकि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आवश्यक राशि उपलब्ध कराई जा सके। साथ ही पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड शीघ्र बनवाने को भी कहा गया।

गोशाला में गोसेवा, ‘भोलू’ पुकारते ही दौड़ा बछड़ा
मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने गोशाला जाकर गायों को रोटी-गुड़ खिलाया। इसी दौरान उन्होंने एक श्याम रंग के बछड़े को ‘भोलू’ कहकर पुकारा तो वह दौड़कर उनके पास आ गया। मुख्यमंत्री ने उसे स्नेह से दुलारते हुए अपने हाथों से खिलाया। परिसर में मौजूद मोर को भी उन्होंने रोटी के टुकड़े खिलाए।

बच्चों पर बरसाया स्नेह, कराया अन्नप्राशन
मंदिर परिसर में भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री की नजर परिजनों के साथ आए बच्चों पर पड़ी तो उन्होंने उन्हें पास बुलाकर बातचीत की, पढ़ाई के लिए प्रेरित किया और चॉकलेट भेंट की। इस दौरान उन्होंने एक बच्चे को गोद में लेकर पारंपरिक अन्नप्राशन संस्कार भी कराया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.