यमुनापार को 1075 करोड़ की विकास सौगात, सीएम रेखा गुप्ता ने किया मेगा प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास

0 12

पूर्वी दिल्ली के झिलमिल रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यमुनापार क्षेत्र के लिए 1075 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पहले यमुनापार क्षेत्र को उपेक्षित नजर से देखा जाता था, लेकिन अब सरकार का लक्ष्य है कि यमुना के आर-पार विकास का स्तर समान हो और किसी भी इलाके के साथ भेदभाव न हो।

वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में शुरू हुई परियोजनाएं
कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली के कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा और यमुनापार विकास बोर्ड के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि संतुलित विकास के लिए मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर जरूरी है और इन परियोजनाओं से ट्रैफिक व्यवस्था सुधरेगी तथा जलभराव जैसी समस्याओं का स्थायी समाधान मिलेगा।

विपक्ष पर साधा निशाना, विकास को बताया प्राथमिकता
केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि पिछली सरकारों ने लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद क्षेत्र की टूटी सड़कों, खुली नालियों और शिक्षा-स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी दूर करने पर ध्यान नहीं दिया। वहीं कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि सरकार राजनीति नहीं, बल्कि परिणाम आधारित काम पर विश्वास करती है और अब दिल्ली का कोई भी क्षेत्र विकास से वंचित नहीं रहेगा।

सड़क और ड्रेनेज ढांचे में बड़ा निवेश
परियोजनाओं के तहत लोक निर्माण विभाग लगभग 782 करोड़ रुपये की लागत से 236 सड़कों को मजबूत करेगा, जबकि करीब 21 करोड़ रुपये में पांच फुटओवर ब्रिज बनाए जाएंगे। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग की योजनाओं में 10 नालों का पुनर्निर्माण और 18 सड़कों व पुलों का निर्माण शामिल है, जिन पर लगभग 272 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार
कार्यक्रम में विधायक संजय गोयल, अभय वर्मा, ओम प्रकाश शर्मा, अनिल गोयल, रविन्द्र सिंह नेगी, रवि कांत उज्जैनवाल और भारत गौड़ ने विकास कार्यों की शुरुआत पर मुख्यमंत्री का धन्यवाद जताया और उम्मीद जताई कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं में तेजी से सुधार होगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.