संस्कृत छात्रों का वजीफा और पुरस्कार राशि दोगुनी होगी, धामी सरकार का ऐलान; अगले महीने खुलेगा सैन्य धाम
देहरादून: उत्तराखंड सरकार संस्कृत शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति और संस्कृत प्रतियोगिताओं में मिलने वाली पुरस्कार राशि दोगुनी करने जा रही है। संस्कृत शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए। प्रदेश के सभी जिलों में संस्कृत युवा सम्मेलन आयोजित करने के साथ आदर्श संस्कृत ग्रामों में नियमित गतिविधियां संचालित करने की योजना भी तैयार की जाएगी। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सैन्य धाम का अगले महीने शुभारंभ होने की जानकारी दी।
संस्कृत विद्यार्थियों का वजीफा और पुरस्कार राशि होगी दोगुनी
संस्कृत शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को उत्तराखंड संस्कृत संस्थानम् में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को संस्कृत विद्यालयों के विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति और प्रतियोगिताओं की पुरस्कार राशि दोगुनी करने के निर्देश दिए। प्रदेश के सभी जिलों में संस्कृत युवा सम्मेलन आयोजित करने पर भी जोर दिया गया।
मंत्री ने आदर्श संस्कृत ग्रामों में राष्ट्र निर्माण, भारतीय संस्कृति, नैतिक शिक्षा और अनुशासित दिनचर्या से जुड़ी गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित करने की योजना बनाने को कहा। इसके अलावा संस्कृत के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाली देश और प्रदेश की संस्थाओं का शैक्षिक भ्रमण कराने के निर्देश दिए गए।
संस्कृत विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री और अन्य शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए भी प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है।
संस्थान के सचिव प्रो. विनय कुमार विद्यालंकार ने बैठक में प्रदेश के 13 जिलों और 95 विकासखंडों में आयोजित संस्कृत प्रतियोगिताओं, शोभायात्राओं और अन्य कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने आगामी अखिल भारतीय ज्योतिष सम्मेलन, अखिल भारतीय संस्कृत कवि सम्मेलन और षोडश संस्कार प्रशिक्षण कार्यशाला की तैयारियों का विवरण भी प्रस्तुत किया।
नए मेडिकल कॉलेजों से स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार
कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार को लेकर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में स्वास्थ्य क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण काम हुए हैं। श्रीनगर और अल्मोड़ा के बाद पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज भी तैयार किया गया है।
पर्वतीय क्षेत्रों में नर्सिंग और पैरामेडिकल शिक्षा को बढ़ावा दिया जा रहा है। डॉक्टरों की भर्ती, स्नातकोत्तर चिकित्सा सीटों में वृद्धि और विशेषज्ञ डॉक्टरों के लिए अलग कैडर बनाने की पहल से स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के साथ रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
पर्यटन और अवस्थापना विकास को मिली गति
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि धामी सरकार के पांच साल के कार्यकाल में पर्यटन और अवस्थापना विकास के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम हुआ है। चारधाम यात्रा के साथ प्रदेश के दूसरे पर्यटन स्थलों पर भी पर्यटकों की संख्या बढ़ी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से शीतकालीन पर्यटन और यात्रा को प्रोत्साहन मिला है। केंद्र सरकार के सहयोग से कई योजनाएं जमीन पर उतारी गई हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने अपने संकल्प पत्र में किए गए अधिकांश वादों को पूरा किया है।
अगले महीने सैन्य धाम का होगा शुभारंभ
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि उत्तराखंड में सैन्य धाम का शुभारंभ अगले महीने किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस स्मारक के निर्माण के लिए प्रदेश के 1734 शहीदों के आंगन से पवित्र मिट्टी लाई गई है। सैन्य धाम शहीदों के सम्मान और उनके बलिदान को याद करने के उद्देश्य से बनाया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार शहीदों के गांवों में भी स्मारक बनाने की योजना पर काम कर रही है। इसके लिए संबंधित स्थानों को चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीर भूमि है और यहां लगभग हर परिवार का कोई न कोई सदस्य देश की रक्षा से जुड़ा रहा है। सरकार ने शहीदों के परिवारों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि में भी बढ़ोतरी की है।