हमीरपुर नाव हादसे में 10 घंटे बाद मिला महिला का शव, यमुना में डूबे पांच बच्चों की तलाश में पूरी रात चला रेस्क्यू ऑपरेशन

0 20

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में हुए दर्दनाक नाव हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है। बुधवार शाम यमुना नदी में नाव पलटने से डूबे छह लोगों में से एक महिला का शव करीब 10 घंटे बाद बरामद कर लिया गया है, जबकि पांच बच्चों की तलाश अभी भी जारी है। पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें पूरी रात सर्च ऑपरेशन में जुटी रहीं।

हादसे के बाद से ही नदी किनारे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है और लापता बच्चों की तलाश लगातार जारी है।

शादी समारोह के बाद लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, थाना कुरारा क्षेत्र की ग्राम पंचायत भौली के कोतूपुर मजरा निवासी राजू निषाद की बेटी की मंगलवार को शादी थी। शादी समारोह में शामिल होने के लिए रिश्तेदार बड़ी संख्या में पहुंचे थे।

बुधवार सुबह दुल्हन की विदाई के बाद परिवार के कुछ सदस्य और रिश्तेदार यमुना नदी किनारे लगी सब्जी की बारी में खरबूजा लेने गए थे। शाम को लौटते समय सभी लोग नाव से नदी पार कर रहे थे। नाव में कुल नौ लोग सवार थे।

इसी दौरान बीच नदी में नाव अचानक असंतुलित होकर पलट गई और सभी लोग यमुना में डूबने लगे।

तीन लोग तैरकर निकले, छह लोग नदी में समाए

हादसे के बाद नाव में सवार तीन लोग किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए, लेकिन छह लोग नदी में डूब गए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

डीएम अभिषेक गोयल और एसपी मृगांक शेखर पाठक ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्य का जायजा लिया। वहीं चित्रकूटधाम मंडल के डीआईजी राजेश एस ने भी मौके का निरीक्षण किया।

रात में ही एसडीआरएफ की टीम विशेष उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और यमुना नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

10 घंटे बाद महिला का शव बरामद

लगातार चलाए गए अभियान के दौरान करीब 10 घंटे बाद रेस्क्यू टीम ने नदी में डूबी 25 वर्षीय ब्रजरानी पत्नी पप्पू निवासी मनकी का शव बरामद कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

वहीं पांच बच्चों की तलाश अभी भी जारी है। प्रशासन का कहना है कि गोताखोरों और एसडीआरएफ की मदद से नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

लापता बच्चों की तलाश जारी

यमुना में डूबे बच्चों में 9 वर्षीय रानी पत्नी बच्चन निषाद, 9 वर्षीय आकांक्षा पुत्री रामहेत निवासी जलाला, 5 वर्षीय लव्यांश पुत्री विष्णु निवासी मनकी, 5 वर्षीय गोरेलाल पुत्र महेश और 11 वर्षीय आदित्य पुत्र महेश शामिल हैं।

हादसे के बाद सभी परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। परिजन नदी किनारे अपनों की तलाश में टकटकी लगाए बैठे हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती तौर पर नाव के असंतुलित होने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। प्रशासन का दावा है कि राहत और बचाव कार्य पूरी गंभीरता के साथ चलाया जा रहा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.