हिमाचल में दर्दनाक सड़क हादसा, गहरी खाई में गिरी पर्यटकों की गाड़ी; 8 लोगों की मौत की आशंका

0 12

चंबा: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे ने हड़कंप मचा दिया। तीसा के सच्चे जोत क्षेत्र के पास कालाबन इलाके में एक पर्यटक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में आठ लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

पर्यटन यात्रा के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार वाहन में सवार सभी लोग बेंगलुरु के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो सच्चे जोत और आसपास के पर्यटन स्थलों की सैर के लिए निकले थे। इसी दौरान कालाबन के पास वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और सीधे गहरी खाई में जा गिरा।

देर रात तक नहीं मिला सुराग, फिर हुआ खुलासा
बताया जा रहा है कि शाम तक जब संबंधित वाहन पुलिस चौकी में एंट्री के लिए नहीं पहुंचा तो चिंता बढ़ गई। इसके बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया गया। देर रात वाहन का पता चला, जिसके बाद हादसे की पुष्टि हुई।

रेस्क्यू ऑपरेशन में आ रही कठिनाई
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हालांकि खाई की गहराई अधिक होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शवों को निकालने के प्रयास लगातार जारी हैं।

बेंगलुरु के बताए जा रहे पर्यटक, जांच जारी
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वाहन चालक हिमाचल के बनीखेत क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है, जबकि सभी यात्री बेंगलुरु से आए पर्यटक थे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

प्रशासन ने की अपील
प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है। फिलहाल राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.