बहामास में दर्दनाक विमान हादसा: समुद्र किनारे क्रैश हुआ छोटा प्लेन, 10 लोगों की मौत; जांच शुरू

0 35

सैन जुआन: बहामास में शुक्रवार को एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 10 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद सरकार ने एहतियातन फ्लेमिंगो एयर की उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया है। दुर्घटना की जांच के लिए विमानन विशेषज्ञों की टीम मौके पर जुट गई है।

यह हादसा बहामास के नॉर्थ एंड्रॉस क्षेत्र में हुआ, जो राजधानी नसाऊ के पश्चिम में समुद्र के पास स्थित है। दुर्घटना के बाद राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया, लेकिन किसी भी यात्री को बचाया नहीं जा सका।

पहले एक के बचने की सूचना, बाद में हुई मौत की पुष्टि

बहामास के प्रधानमंत्री फिलिप ब्रेव डेविस ने शुरुआती जानकारी में बताया था कि एक व्यक्ति जीवित बच गया है, लेकिन बाद में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने स्पष्ट किया कि गंभीर चोटों के कारण उसकी भी मौत हो गई। इसके साथ ही मृतकों की संख्या 10 हो गई। हालांकि, सभी मृतकों की पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।

ब्लैक बॉक्स से खुलेगा हादसे का राज

विमान दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच एजेंसियां सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि ब्लैक बॉक्स मिलने के बाद दुर्घटना की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। विमानन विशेषज्ञ तकनीकी और परिचालन संबंधी सभी संभावित कारणों की पड़ताल कर रहे हैं।

स्वतंत्रता दिवस का जश्न मातम में बदला

प्रधानमंत्री फिलिप ब्रेव डेविस ने कहा कि पूरा देश गहरे शोक में है। उन्होंने बताया कि जिस दिन यह हादसा हुआ, उस समय बहामास अपनी आजादी की 53वीं वर्षगांठ मना रहा था, लेकिन यह उत्सव अचानक मातम में बदल गया।

उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, इस कठिन समय में सरकार उनके साथ खड़ी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.