ग्रेटर नोएडा में 2.5 लाख करोड़ का AI कंप्यूट हब, यीडा ने 289 एकड़ जमीन के लिए जारी किया लेटर ऑफ इंटेंट
ग्रेटर नोएडा को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और हाई परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग का राष्ट्रीय केंद्र बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। प्रदेश सरकार के 2026-27 के बजट में एआई मिशन की घोषणा के बाद यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) क्षेत्र में प्रदेश का पहला एआई कंप्यूट हब स्थापित किया जाएगा। एएम ग्रुप को इस परियोजना के लिए 289 एकड़ भूमि आवंटन हेतु बृहस्पतिवार को आशय पत्र (लेटर ऑफ इंटेंट) जारी कर दिया गया।
चरणबद्ध तरीके से 2.5 लाख करोड़ का निवेश
कंपनी यीडा क्षेत्र में कुल 2.5 लाख करोड़ रुपये का चरणबद्ध निवेश करेगी। परियोजना का पहला चरण वर्ष 2028 तक पूरा किया जाएगा, जबकि 2030 तक यह हब पूर्ण क्षमता हासिल कर लेगा। प्रस्तावित एआई कंप्यूट हब में पांच लाख अत्याधुनिक हाई परफॉर्मेंस चिपसेट्स तैयार किए जाएंगे। एक गीगावाट क्षमता वाला यह हब देश में बढ़ती एआई और हाई परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग की मांग को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगा।
कार्बन मुक्त ऊर्जा से संचालित होगा हरित डेटा सेंटर
एआई कंप्यूट हब के तहत कार्बन मुक्त ऊर्जा से संचालित ग्रीन डेटा सेंटर विकसित किया जाएगा। यहां हार्डवेयर निर्माण, सॉफ्टवेयर विकास और विशेषीकृत कूलिंग तकनीकों के लिए समग्र ईकोसिस्टम तैयार होगा। परियोजना में बड़े पैमाने पर प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की भी संभावना जताई जा रही है। इसके साथ ही हजारों लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
गौतमबुद्ध नगर बनेगा एडवांस्ड टेक्नोलॉजी ईको सिस्टम का केंद्र
आईटी हब के रूप में पहले से पहचान बना चुका गौतमबुद्ध नगर अब इलेक्ट्रॉनिक्स डिवाइस मैन्युफैक्चरिंग, डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर और एआई हब के साथ अत्याधुनिक तकनीकी ईको सिस्टम विकसित करने वाला प्रदेश का इकलौता जिला बन जाएगा। ऑन-डिमांड इलेक्ट्रॉन से लेकर इंटेलिजेंट टोकन तक पूरी वैल्यू चेन विकसित की जाएगी, जिससे ऊर्जा, स्वास्थ्य, विनिर्माण, ऑटोमोबाइल, मीडिया, गेमिंग और क्लाउड सेवाओं के लिए एआई समाधान उपलब्ध कराए जा सकेंगे।
289 एकड़ जमीन के लिए सौंपा गया सहमति पत्र
यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह ने सेक्टर-28 में 114 एकड़ और सेक्टर-8 डी में 175 एकड़ भूमि आवंटन के लिए सहमति पत्र एएम ग्रुप के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार को सौंप दिया है। इससे परियोजना की औपचारिक प्रक्रिया आगे बढ़ गई है।
सेमीकंडक्टर चिप निर्माण की इकाई भी हो रही स्थापित
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में पहले से डेटा सेंटर स्थापित हैं। यीडा क्षेत्र में प्रदेश की पहली सेमीकंडक्टर चिप निर्माण इकाई के लिए 21 फरवरी को शिलान्यास प्रस्तावित है। एचसीएल और फॉक्सकॉन की संयुक्त कंपनी मैसर्स इंडिया चिप प्रा. लि. इस परियोजना में 3700 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश कर रही है। यहां सालाना 2,40,000 चिप का उत्पादन किया जाएगा।
दावोस में हुआ था प्रारंभिक समझौता
एएम ग्रुप के प्रतिनिधियों ने दावोस में प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना से मुलाकात कर एआई हब विकसित करने की इच्छा जताई थी। इसके बाद कंपनी और इन्वेस्ट यूपी के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। हाल ही में कंपनी के अधिकारियों ने यीडा सीईओ से मिलकर भूमि की लोकेशन का निरीक्षण भी किया था।
प्रदेश सरकार के एआई मिशन के ऐलान के साथ ग्रेटर नोएडा का यह प्रोजेक्ट उत्तर प्रदेश को उन्नत प्रौद्योगिकी, सेमीकंडक्टर और एआई इंफ्रास्ट्रक्चर के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकता है।