आईपीएल 2026 के 17वें मुकाबले में पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में खेले जा रहे मैच में हैदराबाद के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी पंजाब किंग्स को अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड की जोड़ी ने शुरुआती ओवरों में ही दबाव में ला दिया। अभिषेक शर्मा ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए महज 18 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
पावरप्ले में 100 के पार पहुंची हैदराबाद
सनराइजर्स हैदराबाद ने इस मुकाबले में पावरप्ले के दौरान 105 रन ठोक दिए, जो अपने आप में बड़ा रिकॉर्ड है। आईपीएल इतिहास में यह तीसरी बार है जब हैदराबाद की टीम ने पहले छह ओवर में 100 से ज्यादा रन बनाए हैं। खास बात यह है कि मेंस टी20 क्रिकेट में कोई भी अन्य टीम एक से ज्यादा बार ऐसा कारनामा नहीं कर सकी है, जबकि हैदराबाद ने इसे तीन बार अंजाम दिया है।
पावरप्ले में 100+ रन बनाने वाली टीमें (1-6 ओवर)
125/0 – हैदराबाद बनाम दिल्ली, 2024
107/0 – हैदराबाद बनाम लखनऊ, 2024
105/0 – हैदराबाद बनाम पंजाब, मुल्लांपुर, 2026
105/0 – कोलकाता बनाम बैंगलोर, 2017
100/2 – चेन्नई बनाम पंजाब, 2014
अर्शदीप सिंह का महंगा ओवर पड़ा भारी
पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह इस मुकाबले में काफी महंगे साबित हुए। पारी के तीसरे ओवर में उन्होंने 24 रन लुटाए, जिसमें चार गेंदें वाइड रहीं। इस ओवर में अभिषेक शर्मा ने दो चौके और दो छक्के जड़कर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। अर्शदीप ने अपने पहले ओवर में भी दो वाइड गेंदें डाली थीं। लगातार महंगे साबित होने के बाद कप्तान ने उन्हें गेंदबाजी से हटा लिया। इस सीजन में पावरप्ले के दौरान अर्शदीप का प्रदर्शन अब तक निराशाजनक रहा है।
हेड-अभिषेक की 120 रन की धमाकेदार साझेदारी
सनराइजर्स हैदराबाद के लिए अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड ने पहले विकेट के लिए 120 रन की साझेदारी की। ट्रैविस हेड ने 23 गेंदों में 38 रन बनाए, जबकि अभिषेक शर्मा ने 27 गेंदों पर 74 रन की तेज पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों को शशांक सिंह ने आउट किया। शुरुआती ओवरों में मिली इस मजबूत नींव के दम पर अब नजर इस बात पर है कि हैदराबाद की टीम पंजाब किंग्स के सामने कितना बड़ा लक्ष्य खड़ा कर पाती है।